नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार (28 सितंबर) को एशिया कप 2025 का फाइनल खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट का 17वां संस्करण है। भारत टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है। भारत के खाते में फिलहाल आठ ट्रॉफी हैं। जानिए, एशिया कप फाइनल में सबसे ज्यादा बार आपस में भिड़ने वाली टीमें कौन-सी हैं?
भारत-श्रीलंका रिकॉर्ड
एशिया कप इतिहास में सबसे ज्यादा बार आपस में फाइनल में भिड़ने का रिकॉर्ड भारत और श्रीलंका के नाम दर्ज है। दोनों टीमों की फाइनल में कुल 9 बार भिड़ंत हुई है। भारत और श्रीलंका ने एशिया कप के पिछले संस्करण का फाइनल खेला था। बता दें कि भारत टूर्नमामेंट की सफल टीम है, जिसने अब तक आठ खिताब जीते हैं। उसके बाद श्रीलंका (6 ट्रॉफी) है।
पाक-श्रीलंका भिड़ंत
एशिया कप फाइनल में श्रीलंका और पाकिस्तान का चार बार आमना-सामना हो चुका है। दोनों टीमों ने आखिरी बार आपस में एशिया कप 2022 का फाइनल खेला था, जिसमें श्रीलंका ने बाजी मारी। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में सिर्फ दो खिताब जीते हैं।
भारत-बांग्लादेश टक्कर
भारत और बांग्लादेश के बीच एशिया कप में दो बार खिताबी मुकाबला हुआ है। भारत ने 2016 में बांग्लादेश को फाइनल में आठ विकेट से रौंदा जबकि 2018 में तीन विकेट से मात दी। बांग्लादेश ने कभी एशिया कप ट्रॉफी नहीं जीती।
बांग्लादेश-पाक फाइनल
बांग्लादेश की एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान से सिर्फ एक बार टक्कर हुई है। दोनों ने 2012 में खिताबी मुकाबला था। पाकिस्तान ने मीरपुर के मैदान पर महज 2 रनों से मैच जीता। पाकिस्तान ने 236/9 का स्कोर बनाया और बांग्लादेश ने 8 विकेट पर 234 रन जुटाए थे।
41 साल का सूखा खत्म
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम और सलमान आगा के नेतृत्व वाली पाकिस्तान टीम की रविवार को एशिया कप 2025 फाइनल में टक्कर होगी। यह मैच दुबई के मैदान पर होगा। इसी के साथ 41 साल का सूखा खत्म हो गया। दरअसल, दोनों टीमें एशिया कप इतिहास में पहली बार आपस में खिताबी मुकाबला खेलेंगी। साल 1984 से टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा लेकिन पिछले 16 संस्करण में चिर प्रतिद्विंदी टीमों ने कभी आपस में फाइनल नहीं खेला था। भारतीय टीम दुबई में पाकिस्तान को रौंदकर नौवीं बार एशिया कप खिताब जीतने उतरेगी।

























































