नई दिल्ली। दुनियाभर में आतंकवाद फैलाने के लिए कुख्यात पाकिस्तान हाल ही में भारत से ऑपरेशन सिंदूर में बुरी तरह से मात खाकर भी नहीं सुधरा। समय-समय पर कश्मीर का मुद्दा उठाता रहता है, लेकिन इसके बाद भी उसकी ही थू-थू होती है। इस बार पाकिस्तानी न्यूज एंकर को रूसी राजदूत के सामने कश्मीर का मु्द्दा उठाना भारी पड़ गया और बेइज्जती हो गई। रूस ने भारत का समर्थन करते हुए पाकिस्तान से साफ-साफ कह दिया कि यह मुद्दा द्विपक्षीय मुद्दा है।
पाकिस्तानी न्यूज एंकर ने एक शो में रूसी राजदूत अल्बर्ट खोरेव से बात की। इसमें उन्होंने कश्मीर मुद्दा उठाया और उम्मीद की कि रूसी राजदूत चूंकि उनके कार्यक्रम में आए हैं, इसलिए हो सकता हो कि उनकी तरफ की बात करें। एंकर ने पूछा कि क्या आपको लगता है कि यूएन के प्रस्तावों के अनुसार, कश्मीर विवाद को सुलझाने में भारत की हिचकिचाहट से परमाणु युद्ध हो सकता है?
इस पर इस्लामाबाद में रूसी राजदूत के रूप में कार्यरत अल्बर्ट खोरेव ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि रूस का मानना है कि पाकिस्तान और भारत को कश्मीर विवाद सिर्फ द्विपक्षीय तरीकों से ही सुलझाना चाहिए। हमारा मानना है कि तीसरे पक्ष के दखल की वजह से ही कश्मीर मुद्दे का हल प्रभावित हुआ है। दरअसल, पाकिस्तान समय-समय पर कश्मीर मुद्दे का अंतरराष्ट्रीयकरण करने की कोशिश में लगा रहता है। कभी वह अमेरिका की शरण में जाता है तो कभी तुर्की के एर्दोगन से इस मुद्दे पर चर्चा करता है। हालांकि, भारत ने साफ किया है कि अब जम्मू-कश्मीर पर कोई बात नहीं होगी, बल्कि पाकिस्तान से पीओके पर ही बातचीत होगी। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है।
ऑपरेशन सिंदूर में बुरी तरह हारा पाक
पहलगाम में अप्रैल में किए गए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। भारत ने पहले पाकिस्तान के खिलाफ सिंधु जल संधि रद्द करके बड़े ऐक्शन लिए और फिर सात मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर दी। इसमें लश्कर और जैश के 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हो गए। पाकिस्तान ने भी चीन और तुर्की की मदद से भारत पर हमले की नाकाम कोशिश की, लेकिन कभी सफल नहीं हो पाया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के कई एयरबेस पर मिसाइलें और ड्रोन दागकर उन्हें भी तबाह कर दिया। चार दिन के बाद पाकिस्तान ने गिड़गिड़ाते हुए भारत से सीजफायर की मांग कर दी।

























































