नई दिल्ली। वॉट्सऐप दुनिया भर में अरबों लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला एक बहुत पॉपुलर मैसेजिंग ऐप है. इस ऐप में आए दिन नए फीचर्स जुड़ते रहते हैं ताकि इसे और आसान और बेहतर बनाया जा सके. चाहे दोस्तों से बात करनी हो, ऑफिस की ग्रुप चैट हो या किसी जरूरी जानकारी को शेयर करना हो. ये ऐप अब लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. इसकी सबसे खास बात ये है कि ये तेज़, आसान और भरोसेमंद है.
लेकिन पिछले कुछ सालों में इसमें कई नए फीचर्स जैसे कम्युनिटीज, ग्रुप्स और दूसरे टूल्स आने से ऐप थोड़ा भरा हुआ दिखने लग गया है. इसकी वजह से यूज़र्स को अक्सर स्पैम मैसेज (ज्यादा या बिना मतलब के मैसेज) मिलते हैं. खासकर बिज़नेस अकाउंट्स और अनजान लोगों से.
Meta अब इस समस्या को कम करने के लिए एक नया फीचर ला रही है. इसके तहत बिज़नेस अकाउंट्स और अनजान लोग किसी को सीमित संख्या में ही मैसेज भेज पाएंगे, जब तक कि सामने वाला जवाब न दे.
उदाहरण के लिए अगर कोई व्यक्ति आपको तीन मैसेज भेजता है और आप जवाब नहीं देते, तो वो तीनों मैसेज उस लिमिट में गिने जाएंगे. लिमिट खत्म होने के बाद वो व्यक्ति और मैसेज नहीं भेज पाएगा.
लिमिट के पास आते ही मिलेगा वार्निंग मैसेज
जब कोई यूज़र इस लिमिट के करीब पहुंचेगा, तो WhatsApp पर एक चेतावनी संदेश आएगा. इससे उसे पता चल जाएगा कि अब और मैसेज नहीं भेजे जा सकते.
फिलहाल कंपनी ने यह नहीं बताया है कि लिमिट कितने मैसेज की होगी, क्योंकि यह फीचर अभी टेस्टिंग में है और अलग-अलग देशों में इसे आज़माया जा रहा है.
आम यूज़र्स पर असर नहीं पड़ेगा
यह लिमिट ज्यादातर बिज़नेस अकाउंट्स और स्पैम भेजने वालों के लिए होगा. आम यूज़र्स पर इसका असर नहीं पड़ेगा. WhatsApp पहले भी स्पैम पर रोक लगाने के लिए कई फीचर्स ला चुका है, जैसे एक साथ फॉरवर्ड करने वाले मैसेज की सीमा तय करना और ब्रॉडकास्ट मैसेज पर लिमिट लगाना.

























































