नई दिल्ली। ईरान की मिसाइलें इजरायल और अमेरिका के एंटी एयर डिफेंस सिस्टम को लगातार चकमा दे रही हैं। बृहस्पतिवार की रात एक ऐसी ही ईरानी मिसाइल ने इजरायल के रडार और एयरडिफेंस सिस्टम को चकमा दे दिया। ईरान की मिसाइल इजरायल के आसमान में अचानक बादलों को चीरती हुई प्रकट हुई। उसकी गति इतनी अधिक तेज थी कि उसने पलक झपकते ही अपने टारगेट पर हिट कर दिया। ईरानी मिसाइल के इस घातक हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर पूरी दुनिया हैरान है। आरटी डॉट कॉम ने इस वीडयो को एक्स पर शेयर किया है।
बादलों से निकली मिसाइल और सब खा गए चकमा
ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध में यह बेहद चौंकाने वाला दृश्य है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ईरानी मिसाइल बादलों को चीरते हुए अचानक प्रकट होती है और वह मात्र एक सेकंड बाद इजरायल के पेताह तिकवा शहर में जोरदार धमाका करती है। इसके बाद अटैकिंग साइट आग और धुएं की लपटों में घिर जाती है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि आकाश में घने बादल छाए हुए थे। अचानक बादलों के बीच से एक चमकती हुई वस्तु तेज गति से नीचे की ओर आई। अगले ही पल भयानक धमाका हुआ और आसमान में धुआं उठने लगा।
मिसाइल की ताकत से कांप उठा इलाका
स्थानीय इजरायली लोगों ने बताया कि मिसाइल के गिरते ही जोरदार आवाज आई और इलाके में तगड़ा कंपन्न महसूस किया गया। इस मिसाइल ने इजरायल के बड़े औद्योगिक और आवासीय शहर पेताह तिकवा को हिट कर दिया। यह तेल अवीव से कुछ ही किलोमीटर दूर स्थित है। इस हमले में अभी तक जान-माल की कितनी क्षति हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में भारी नुकसान की खबरें आ रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि मिसाइल एक आवासीय इलाके या औद्योगिक क्षेत्र के पास गिरी है। ईरानी मीडिया ने इस हमले की पुष्टि करते हुए इसे “सफल” बताया है।
ईरान की सबसे उन्नत मिसाइल
ईरान के सैन्य सूत्रों का कहना है कि यह मिसाइल ईरान की उन्नत बैलिस्टिक मिसाइलों में से एक थी, जो इजरायली वायु रक्षा प्रणाली को चकमा देकर अपने लक्ष्य तक पहुंची। इजरायली सेना ने हमले की पुष्टि की है। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय और रक्षा बलों (IDF) ने कहा कि पेताह तिकवा में एक मिसाइल हमला हुआ है। उन्होंने आगे की जानकारी देने से इनकार कर दिया है। इजरायली वायु रक्षा प्रणाली आयरन डोम, डेविड्स स्लिंग और एरो-3 ने कई मिसाइलों को बीच में ही रोक लिया, लेकिन इस एक मिसाइल ने सफलतापूर्वक अपना लक्ष्य भेद लिया।

























































