नई दिल्ली: बांग्लादेश की सत्ता से शेख हसीना के निष्कासन के बाद से मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के दौरान नई दिल्ली-ढाका के रिश्तों में तल्खी अपने चरम पर थी। फरवरी में तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही दोनों देशों की ओर से रिश्ते सुधारने की कवायद की जा रही है। इसी कड़ी में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान अगले सप्ताह नई दिल्ली दौरे पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की यह हाई लेवल मीटिंग 8 अप्रैल को हो सकती है। हालांकि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय की ओर से इस कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच पैदा हुए अविश्वास को दूर कर आपसी सम्मान बनाए रखते हुए सहयोग को मजबूत करना बताया जा रहा है।
दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में काफी तनाव के दौर के बाद बीएनपी सरकार के सत्ता में आने के बाद बांग्लादेश की भारत की यह पहली उच्च स्तरीय यात्रा होगी।
गंगा जल समझौता भी एजेंडे में
बांग्लादेश-भारत के बीच 12 दिसंबर 1996 को गंगा जल संधि हुई थी। अब यह दिसंबर 2026 में समाप्त होने वाली है। इस संधि को आगे बढ़ाने पर अब तक कोई बात शुरू नहीं हुई है, इसलिए अधिकारियों का कहना है कि इस बार इस पर विशेष रूप से चर्चा हो सकती है।
वीजा मुद्दा उठाएगा बांग्लादेश
बांग्लादेश की ओर से वीजा का मुद्दा उठाए जाने की संभावना है, क्योंकि सुरक्षा कारणों से जुलाई 2024 से बांग्लादेशियों के लिए पर्यटक वीजा निलंबित हैं।
वहीं दोनों देशों के विदेश मंत्री 10 से 12 अप्रैल तक मॉरीशस में आयोजित होने वाले 9वें हिंद महासागर सम्मेलन में भाग लेंगे।
पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दिया था निमंत्रण
तारिक रहमान द्वारा बांग्लादेश की सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए, उन्हें, उनकी पत्नी जुबैदा रहमान और उनकी बेटी जैमा रहमान को भारत आने का निमंत्रण दिया था। मोदी ने कहा था, ‘मैं इस अवसर पर आपको, डॉ. जुबैदा रहमान और आपकी बेटी जैमा को भारत आने का निमंत्रण देता हूं, जब भी आपसी सहमति हो। भारत में आपका हार्दिक स्वागत है।’

























































