नई दिल्ली: हॉकी इंडिया के टाइगर्स ने चीनी ड्रैगन को घुटने पर ला दिया. एशिया कप के सुपर-4 के अहम मैच में भारत ने चीन को 7-0 से रौंद दिया. इससे पहले इसी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज के मैच में दोनों टीमों ने मिलाकर 7 गोल किए थे. भारत ने चीन को ग्रुप मैच में 4-3 से शिकस्त दी थी. लेकिन इस बार इंडियन टाइगर्स ने चीन की एक नहीं चलने दी और 7-0 से चीन को हरा दिया जिसे चीनी टीम कभी नहीं भुला पाएगी.
चीन ने दिलाई कराची की याद
भारत ने चीन को राजगीर में 7-0 से रौंद दिया. ड्रैगन टीम भारत के खिलाफ सर्किल भी पेनेट्रेट नहीं कर पा रही थी यानी भारत के D-एरिया में पहुंचना भी चीन के लिए मुश्किल हो रहा था.
Stick2hockey.com के के. आरुमुगम X (ट्विटर) पर लिखते हैं,”हरमनप्रीत (कप्तान) की टीम ने 43 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की. 1982 में कराची में सुरजीत सिंह की अगुआई में भारत ने चीन को 7-0 से शिकस्त दी थी. टीम के 6 खिलाड़ियों ने गोल कर भारत को बड़ी जीत दिलाई.” ग्रुप स्टेज में एक करीबी मैच खेलने वाली चीन (ग्रुप में 3-4 से हारी) की टीम ने इस नतीजे की उम्मीद कभी नहीं की होगी.
एशियाई हॉकी का पावरहाउस है भारत
भारत एशिया कप का खिताब 3 बार जीत चुका है जबकि चीन की टीम सिर्फ 2 बार तीसरे स्थान तक पहुंची है. FIH या वर्ल्ड रैंकिंग में भी भारत 7वें और चीन 22वें नंबर की टीम है. एशिया कप में भी चीन सिर्फ एक बार भारत के खिलाफ ड्रॉ करने में कामयाब रही है; बाकी, हर बार चीन को भारत से हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि एशिया कप में भारत से भी बेहतर द.कोरिया का रिकॉर्ड रहा है. डिफेंडिंग चैंपियन और 5 बार की विजेता द.कोरिया की भिड़ंत आज फाइनल में भारत से होगी.
2006 की चुभाने वाली हार का बदला
लेकिन 2006 के दोहा एशियाई खेलों में चीन ने भारत को 3-2 से हरा दिया था. ये पहला मौका था जब भारतीय टीम एशियाड के पोडियम पर नहीं पहुंच पाई. ये भारतीय हॉकी का काले इतिहास का दौर साबित हुआ जब 8 बार का ओलिंपिक चैंपियन भारत पहली बार बीजिंग ओलिंपिक्स के लिए क्वालीफाई करने से चूक गया. उस हार की टीस आज भी कुरेदती है. इसलिए चीन के खिलाफ ये बड़ी जीत सभी हॉकी प्रेमियों के दिलों को गुदगुदा रही होगी.
भारत बनाम चीन मैच के भारतीय गोल स्कोरर: शीलानंद लाकड़ा (5′), दिलप्रीत सिंह (7′), मंदीप सिंह(18′), राजकुमार पाल (37′), सुखजीत (39′), अभिषेक (46′), अभिषेक (49′),
चीन के गोल स्कोरर: 0
एशिया कप में भारत का रिकॉर्ड
| मैच | 69 |
| भारत जीता | 51 |
| भारत हारा | 9 |
| ड्रॉ | 9 |
| भारत के गोल | 338 |
| भारत के खिलाफ गोल | 81 |
एशिया कप में चीन का रिकॉर्ड
| मैच | 53 |
| चीन जीता | 22 |
| चीन हारा | 22 |
| ड्रॉ | 9 |
चीन के गोल | 144 |
| चीन के खिलाफ गोल | 119 |

























































