नई दिल्ली। दुनिया क्या तीसरे वर्ल्ड वॉर की ओर बढ़ रही है? दिग्गज निवेशक और दुनिया के सबसे बड़े हेज फंड ब्रिजवाटर एसोसिएट्स के फाउंडर रे डालियो की ताजा चेतावनी ने इसी सवाल को फिर से चर्चा में ला दिया है. उनका कहना है कि मिडिल ईस्ट समेत कई क्षेत्रों में बढ़ते संघर्ष पुराने विश्व युद्धों जैसे संकेत दे रहे हैं. डालियो के मुताबिक, दुनिया एक खतरनाक ‘बिग साइकिल’ के आखिरी चरणों में पहुंच चुकी है. अगर हालात नहीं सुधरे, तो आने वाले समय में वैश्विक टकराव और भी गहरा सकता है.
डालियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एक साथ कई मोर्चों पर संघर्ष तेजी से बढ़ रहे हैं, जो विश्व युद्ध की ओर ले जाने वाले ऐतिहासिक पैटर्न के अंतिम चरण जैसा दिखता है.
डालियो की ‘बिग साइकिल’ थ्योरी क्या है?
डालियो ने इतिहास का अध्ययन कर 13 चरणों वाला एक पैटर्न बताया है, जिसे उन्होंने ‘बिग साइकिल’ नाम दिया है. उनके अनुसार, दुनिया अभी 9वें चरण में पहुंच चुकी है. विश्व युद्ध शुरू होने में अब सिर्फ 3 चरण ही बाकी बचे हैं. उन्होंने रूस-यूक्रेन और इजरायल-ईरान के संघर्षों की तुलना पिछले विश्व युद्धों के शुरुआती दौर से की है.
आगे क्या होगा?
डालियो की भविष्यवाणी के मुताबिक, अगले चरण में देशों के भीतर सरकारें विरोध की आवाजों को दबाएंगी और युद्ध के लिए भारी समर्थन मांगेंगी। इसके बाद बड़ी ताकतों के बीच सीधा सैन्य मुकाबला शुरू होगा. युद्ध का खर्च निकालने के लिए सरकारों को टैक्स बढ़ाना पड़ेगा, ज्यादा कर्ज लेना होगा और नोट छापने पड़ेंगे, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा.
अमेरिका की स्थिति पर चिंता
डालियो ने चेतावनी दी कि अमेरिका इस समय दुनिया की सबसे शक्तिशाली तो है, लेकिन सबसे कमजोर स्थिति में भी है. 70 देशों में सेना होने के कारण अमेरिका बहुत ज्यादा फैल चुका है. अगर एशिया (जैसे चीन-ताइवान) में कोई नया मोर्चा खुलता है, तो अमेरिका के लिए इसे संभालना बहुत मुश्किल होगा, क्योंकि अमेरिकी जनता अब नए युद्धों के पक्ष में नहीं है.

























































