नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बनकर उभरी है. फिल्म की काफी तेजी से चर्चा हो रही है. इस फिल्म को एक ऐसे टॉपिक पर बनाया गया है, जिसकी चर्चा होना तय है. इस फिल्म में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास की झलक देखने को मिलेगी. आज मेकर्स ने एक नया प्रोमो जारी किया है, जो एक बड़ा और चुभता हुआ सवाल पूछता है- 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में आखिर क्या हुआ था?
सबसे बड़ा सवाल…
फिल्म का नया प्रोमो एक ऐसा सवाल पूछता है, जिसका सामना करने से बहुत से लोग अब तक कतराते रहे हैं. यानी 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद विध्वंस वाले दिन अयोध्या में असल में क्या हुआ था? दरअसल, कुछ दिनों पहले ही फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था, जिसमें साल 1934 में महात्मा गांधी और डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की मुलाकात को दिखाया गया. इसके अलावा इसमें ये मुद्दे भी दिखाए जाएंगे- ‘क्या आरएसएस महात्मा गांधी की हत्या के पीछे था? क्या बाबरी मस्जिद गिराए जाने के पीछे आरएसएस था? आपातकाल के पीछे की सच्चाई क्या थी और उसमें आरएसएस की क्या भूमिका रही?’ इन सभी सवालों के बाद हर कोई ये जानना चाहता है कि आखिर इसके पीछे की क्या सच्चाई है. इस पर खुद एक्टर संजय दत्त ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया था.
एक्ट्रेस समीरा रेड्डी करेंगी पर्दे पर वापसी
बता दें कि एक्ट्रेस समीरा रेड्डी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ने बताया, ‘मैंने फिल्मों में वापसी सिर्फ सेफ रोल करने के लिए नहीं की है. ‘आखिरी सवाल’ बिल्कुल भी कंफर्टेबल फिल्म नहीं है. आरएसएस को लेकर मेरी समझ बहुत कम थी और जो भी थी, वो आधी-अधूरी जानकारी पर टिकी हुई थी. लेकिन स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद मुझे एहसास हुआ कि बहुत सी बातें वैसी नहीं थीं, जैसी दिखती थीं.’
इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
संजय दत्त की ‘आखिरी सवाल’ फिल्म को नेशनल अवॉर्ड विनर अभिजीत मोहन वारंग ने डायरेक्ट किया है. इस फिल्म के प्रोड्यूसर निखिल नंदा और संजय दत्त हैं. फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं. सिनेमाघरों में यह फिल्म 8 मई 2026 को दस्तक देगी.

























































