नई दिल्ली। सरकार के एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम के तहत E20 पेट्रोल (20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) अब देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य रूप से उपलब्ध है। इसका उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना और वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है।
ऐसे में कई वाहन मालिकों के मन में एक सवाल उठ रहा है कि क्या अब भी भारत में बिना एथेनॉल वाला “शुद्ध” पेट्रोल (E0) मिलता है। सरकार ने E0 को बड़े पैमाने पर दोबारा उपलब्ध कराने की कोई योजना नहीं बताई है, लेकिन कुछ प्रीमियम पेट्रोल ग्रेड अब भी एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम से बाहर रखे गए हैं।
ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि कौन-सा पेट्रोल वास्तव में एथेनॉल-फ्री है, वह किन शहरों में मिलता है और उसकी कीमत सामान्य E20 पेट्रोल से कितनी अलग है…
सरकार ने संसद में क्या कहा?
हाल ही में पेट्रोलियम मंत्रालय ने संसद में साफ कहा है कि बाजार में E0 (शुद्ध पेट्रोल) या E10 ग्रेड को फिर से लाने की कोई योजना नहीं है।
क्या बिना एथेनॉल वाला पेट्रोल मिलता है?
हां, लेकिन केवल प्रीमियम पेट्रोल के रूप में सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वारा बेचे जाने वाले प्रीमियम ग्रेड के पेट्रोल, जैसे इंडियन ऑयल का XP100, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पावर100 और भारत पेट्रोलियम का स्पीड100, बिना इथेनॉल मिलाए ही आपूर्ति किए जाते रहेंगे। इन प्रीमियम ग्रेड को सरकार ने E20 ब्लेंडिंग से अलग रखा है।
सरकारी तेल कंपनियों के ये प्रीमियम ग्रेड एथेनॉल-फ्री हैं-
- इंडियन ऑयल का XP100
- भारत पेट्रोलियम का स्पीड100
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पावर100
कहां मिलता है?
IndianOil के अनुसार XP100 चुनिंदा शहरों के चुनिंदा पंपों पर उपलब्ध है। जिन प्रमुख शहरों में इसकी उपलब्धता बताई गई है, उनमें शामिल हैं:
- दिल्ली
- गुरुग्राम
- नोएडा
- जयपुर
- चंडीगढ़
- मुंबई
- पुणे
- अहमदाबाद
- चेन्नई
- बेंगलुरु
- हैदराबाद
- कोलकाता
- भुवनेश्वर
यानी यदि आप दिल्ली-एनसीआर (दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम) में हैं, तो आपके आसपास XP100 मिलने की संभावना सबसे ज्यादा है। उपलब्धता पंप-टू-पंप बदल सकती है।
अभी कितने का मिल रहा है?
- सामान्य E20 पेट्रोल – 102.12 रुपये/लीटर
- IndianOil XP100 (एथेनॉल-फ्री) – दिल्ली में 167.35 रुपये/लीटर
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने मई 2026 में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए यह फैसला लिया गया है।

























































