नई दिल्ली। वास्तु शास्त्र में घर की सभी दिशाओं का अधिक महत्व है। जो लोग आर्थिक उन्नति, व्यापार में वृद्धि और करियर में सफलता प्राप्त करना चाहते हैं, तो उनके लिए उत्तर दिशा अधिक महत्वपूर्ण होती है। वास्तु शास्त्र में उत्तर दिशा को भगवान कुबेर और मां लक्ष्मी का निवास स्थल माना जाता है।
इसके अलावा बुध ग्रह का प्रभाव भी उत्तर दिशा पर अधिक होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की उत्तर दिशा में कुछ विशेष चीजों को रखने से नौकरी में प्रमोशन के योग बन सकते हैं और मेहनत का शुभ फल प्राप्त होता है। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में आपको वास्तु शास्त्र के अनुसार बताते हैं कि घर की उत्तर दिशा में किन चीजों को रखने से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और व्यापार में नए अवसर प्राप्त होते हैं।
- कुबेर यंत्र या कुबेर देव की मूर्ति- उत्तर दिशा के स्वामी भगवान कुबेर हैं। इस दिशा में कुबेर यंत्र या कुबेर देव की मूर्ति को विराजमान करना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में कुबेर यंत्र या कुबेर देव की मूर्ति को रखना अधिक शुभ माना जाता है। इससे धन का अनावश्यक खर्च रुकता है और धन लाभ के योग बनते हैं। साथ ही व्यक्ति को आर्थिक तंगी की समस्या से छुटकारा मिलता है।
- मनी प्लांट- वास्तु शास्त्र में मनी प्लांट को घर की उत्तर दिशा में लगाना अधिक लाभकारी माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिशा में मनी प्लांट लगाने से व्यापार और नौकरी में तरक्की होती है। साथ ही घर में सकारात्मक ऊर्जा का आगमन होता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मनी प्लांट सुख, शांति और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस पौधे का प्रभाव घर के सदस्यों पर पड़ता है।
- तिजोरी- घर की उत्तर दिशा में तिजोरी रखना शुभ माना जाता है, क्योंकि इस दिशा को धन के देवता कुबेर का स्थान माना जाता है। इसलिए इस दिशा में तिजोरी रखने से आर्थिक वृद्धि होती है। एक बात का विशेष ध्यान रखें कि तिजोरी को कभी भी पूरी तरह खाली न रखें। उसमें हल्दी की गांठ या फिर गोमती चक्र जरूर रखें। ऐसा माना जाता है कि तिजोरी में इन चीजों को रखने से धन की प्राप्ति होती है और जीवन में कभी धन की कमी का सामना नहीं करना पड़ता।

























































