नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत ने अलग-अलग देशों के साथ जो मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) किए हैं, वे युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके खोल रहे हैं. रोजगार मेला को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और स्किल ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है. दुनिया को भारतीय इनोवेटर्स, उद्यमियों और देश की युवा ताकत से काफी उम्मीदें हैं.
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त होने वाले नए चुने गए युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 51,000 से ज्यादा नियुक्ति पत्र बांटे. उन्होंने कहा कि भारत ने 40 मुक्त व्यापार समझौते किए हैं. ये एफटीए हमारे युवाओं के लिए नए मौके खोल रहे हैं. ऐसे व्यापार समझौते हमारे कारोबारियों के लिए नई पार्टनरशिप का रास्ता तैयार करते हैं. नए बाजारों तक पहुंच बनाते हैं और युवाओं के लिए करियर के नए मौके पैदा करते हैं.
हाल में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत की कोशिश रही है कि ब्रिक्स का सहयोग सिर्फ सरकारों तक सीमित न रहे. उन्होंने कहा कि हमारे कारोबारी, हमारे किसान, हमारी महिलाएं, हमारे युवा हर किसी को इस साझेदारी में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए. देश के स्टार्टअप माहौल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इसमें भारत की युवा ताकत दिखाई देती है और स्टार्टअप का माहौल अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरे शहरों में भी इसका विस्तार हुआ है.
स्टार्टअप्स में आ रहा बूम
पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप माहौल है. भारत की स्टार्टअप की कहानी अब सिर्फ बड़े शहरों की कहानी नहीं है. आज मान्यता प्राप्त करीब आधे स्टार्टअप दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में हैं. पीएम मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है. सरकार में सेवा करते हुए आपको ऐसा हर फैसला लेना चाहिए जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को लगातार मजबूत करे. युवा होने के नाते आपकी खास जिम्मेदारी है, खासकर दूसरे युवाओं के प्रति. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नागरिक देवो भव: यानी नागरिकों की सेवा करना, सार्वजनिक सेवा की मुख्य भावना होनी चाहिए.
अभी तक बंटे हैं 12.75 लाख नियुक्ति पत्र
देशभर में 45 जगहों पर रोजगार मेले आयोजित किए गए. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, नए चुने गए उम्मीदवार केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे. इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय शामिल हैं.
आधिकारिक बयान में कहा गया कि रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार के मौके पैदा करने और देश की विकास यात्रा में उनकी ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने पर सरकार के लगातार फोकस को दिखाता है. बयान के अनुसार, 20वें रोजगार मेले तक अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं.



















































