नई दिल्ली: जब बात एशिया कप की होती है तो सबसे पहले नाम भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का ही जहन में आता है. ऐसा होना लाजमी भी है क्योंकि यह दोनों टीमें पिछले करीब दो दशकों से केवल आईसीसी इवेंट और एशिया कप में ही एक दूसरे से भिड़ रही हैं. एशिया कप में दोनों टीमों के बीच कई रोमांचक मैच खेले गए. कभी हरभजन सिंह ने छक्का लगाकर पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली तो कभी शाहिद अफरीदी ने भारत का जीता-जिताया मैच अपनी टीम के फेवर में कर लिया. चलिए ऐसे ही कुछ रोमांचक मैचों के बारे में हम आपको बताते हैं.
एशिया कप 2010: हरभजन का आखिरी ओवर वाला छक्का
दांबुला में खेले गए एशिया कप 2010 के ग्रुप मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे. यह मैच करो या मरो जैसा था क्योंकि पाकिस्तान पहले ही श्रीलंका से हार चुका था. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 267 रन बनाए. सलमान बट्ट (74) और कामरान अकमल (51) ने तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन प्रवीण कुमार (3/53) और रवींद्र जडेजा की कसी हुई
गेंदबाजी ने उन्हें रोक दिया.
भारत की ओर से गौतम गंभीर (83) और कप्तान धोनी (56) ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. मगर बीच ओवरों में विकेटों के गिरने से भारत का स्कोर 219/6 हो गया और टीम को आखिरी 5 ओवर में 49 रन चाहिए थे. सुरेश रैना और हरभजन सिंह ने जिम्मेदारी उठाई. रैना ने अजमल के एक ओवर में 12 रन बनाए, लेकिन फिर रन आउट हो गए. आखिरी ओवर में भारत को 8 रन चाहिए थे. मोहम्मद आमिर ने कसी हुई गेंदबाजी से दबाव बढ़ाया. आखिरी दो गेंदों पर 6 रन बाकी थे. हरभजन ने लंबा छक्का जड़कर मैच खत्म कर दिया. छक्का मारते ही उन्होंने शोएब अख्तर की ओर मुड़कर जोरदार अंदाज में जश्न मनाया.
एशिया कप 2008 में कराची में खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच में दर्शकों ने रन बरसात देखी. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वीरेंद्र सहवाग की तूफानी 78 रन (59 गेंद) और सुरेश रैना की शानदार 84 रन (69 गेंद) की पारी की बदौलत 308/7 रन बनाए. पाकिस्तान के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए और लगा कि भारत मैच पर हावी रहेगा.
जवाब में पाकिस्तान ने भी दमदार शुरुआत की. सलामी बल्लेबाज सलमान बट (74) और यूनिस खान (123) ने भारत की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं. खासकर यूनिस खान की पारी ने मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने चौकों-छक्कों से भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया. मोहम्मद यूसुफ ने भी 46 रन जोड़कर साझेदारी को मजबूती दी. पाकिस्तान ने लक्ष्य को आसानी से 45.3 ओवर में 309/2 रन बनाकर हासिल किया और भारत को 8 विकेट से हराया. यह मुकाबला एशिया कप इतिहास के सबसे रोमांचक चेज़ में से एक माना जाता है.
एशिया कप 2016: कोहली का कमाल, आमिर बेअसर
ढाका में खेले गए एशिया कप 2016 का यह मुकाबला टी20 फॉर्मेट में भारत-पाक भिड़ंत का पहला अवसर था. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी टीम 83 रन पर ढेर हो गई. सरफराज अहमद (25) ही कुछ देर टिक सके. हार्दिक पांड्या ने 3/8 के आंकड़े के साथ शानदार गेंदबाजी की, जबकि बुमराह और नेहरा ने भी अहम विकेट झटके.
लक्ष्य आसान दिख रहा था, लेकिन मोहम्मद आमिर ने अपनी घातक स्विंग से भारत को हिला दिया. उन्होंने पहले रोहित शर्मा को शून्य पर एलबीडब्ल्यू किया, फिर रहाणे और सुरेश रैना को सस्ते में आउट कर भारत को दबाव में डाल दिया. भारत का स्कोर कुछ ही समय में 8/3 हो गया. ऐसे समय पर विराट कोहली ने मोर्चा संभाला. आमिर की अग्नि-परीक्षा को झेलने के बाद उन्होंने 49 रन की दमदार पारी खेली और युवराज के साथ मिलकर पारी को संभाला. भारत ने 15.3 ओवर में 85/5 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत लिया. यह जीत पूरी तरह कोहली के धैर्य और क्लास का नतीजा थी, जिन्होंने आमिर के स्पेल को झेलकर भारत को संकट से निकाला.
एशिया कप 2014: आखिरी ओवर में अफरीदी के दो छक्कों से पाकिस्तान की जीत
ढाका के मीरपुर मैदान पर खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245/8 रन बनाए. रोहित शर्मा (56) और जडेजा (52) ने अहम योगदान दिया, जबकि पाकिस्तान के लिए सईद अजमल ने 3 विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही. मोहम्मद हफीज (75) और सोहैब मकसूद (38) ने साझेदारी की, लेकिन बीच में लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान का स्कोर 203/6 हो गया. भारत जीत की स्थिति में दिख रहा था.
इसके बाद मैदान पर आए शाहिद अफरीदी. आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 9 रन चाहिए थे और गेंदबाजी कर रहे थे आर. अश्विन. पहली ही गेंद पर अजमल बोल्ड हो गए. अगली गेंद पर जुनैद खान ने सिंगल लेकर अफरीदी को स्ट्राइक दी. अब चार गेंदों पर 9 रन चाहिए थे. अफरीदी ने लगातार दो गेंदों पर दो छक्के जड़ दिए और पाकिस्तान को 1 विकेट से अविश्वसनीय जीत दिला दी. इसके बाद उनका स्टार फिश स्टाइल सेलिब्रेशन और जुनैद को किस करना क्रिकेट इतिहास में यादगार बन गया.
एशिया कप 2022: हार्दिक का छक्का, भारत की रोमांचक जीत
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2022 के भारत-पाकिस्तान मुकाबले में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम सिर्फ 147 रन पर सिमट गई. मोहम्मद रिजवान (43) ही टिक पाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार (4/26) और आवेश खान (2 विकेट) ने भारतीय गेंदबाजी की धार दिखाई.
लक्ष्य आसान दिख रहा था, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाजों ने मैच को रोमांचक बना दिया. रोहित और विराट जल्दी आउट हुए. भारत का स्कोर दबाव में था, तभी रवींद्र जडेजा (35) और हार्दिक पांड्या ने पारी को संभाला. आखिरी 2 ओवरों में मैच बेहद टाइट हो गया. आखिरी ओवर में भारत को 7 रन चाहिए थे. मोहम्मद नवाज की पहली गेंद पर जडेजा आउट हो गए. लेकिन हार्दिक ने कूल अंदाज में छक्का जड़कर भारत को 5 विकेट से जीत दिला दी. यह मैच पांड्या की ऑलराउंड परफॉर्मेंस और आखिरी गेंदों के थ्रिलर फिनिश के लिए आज भी याद किया जाता है.

























































