नई दिल्ली। रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की हिंदी रिलीज को लेकर चल रही खबरों पर अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म हिंदी में भी रिलीज होगी. फिल्म की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया है कि हिंदी वर्जन तय तारीख पर ही सिनेमाघरों में रिलीज होगा. फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को तमिल समेत अन्य भाषाओं के साथ हिंदी में भी रिलीज की जाएगी.
हिंदी रिलीज को लेकर क्या बोले मेकर्स?
फिल्म की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मीडिया में ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि ‘जेलर 2’ हिंदी में रिलीज नहीं होगी. टीम ने इन खबरों को स्पष्ट करते हुए कहा कि हिंदी वर्जन की रिलीज की तारीख में कोई बदलाव नहीं हुआ है. फिल्म पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक गुरुवार, 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी.
बयान के मुताबिक, उत्तर भारत में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी पेन मरुधर एंटरटेनमेंट को सौंपी गई है. टीम ने मीडिया संस्थानों और दूसरे प्लेटफॉर्म से अपील की है कि वे फिल्म की रिलीज को लेकर बिना पुष्टि वाली खबरें न चलाएं.
रिलीज से पहले क्यों हुई थी चर्चा?
इससे पहले ट्रेड रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म की हिंदी रिलीज को लेकर ओटीटी और सिनेमाघरों के बीच के अंतर पर परेशानी हो सकती है. रिपोर्ट्स में चार सप्ताह के ओटीटी रिलीज विंडो और मल्टीप्लेक्स चेन की आठ सप्ताह की कथित मांग के बीच अंतर का जिक्र किया गया था. इससे उत्तर भारत में फिल्म के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे थे.
हालांकि, अब टीम के आधिकारिक बयान के बाद यह स्पष्ट किया गया है कि फिल्म की हिंदी रिलीज तय समय पर होगी. रजनीकांत की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है. अब सभी की नजर 15 अक्टूबर को होने वाली रिलीज और फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर रहेगी.
‘जेलर 2’ की हिंदी रिलीज पर क्यों फंसा पेंच?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबीक ‘जेलर 2’ के हिंदी वर्जन की रिलीज पर इसलिए पेंच फंसने की आशंका थी, क्योंकि फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज होने के चार सप्ताह बाद ओटीटी पर लाने की योजना की खबरें थीं. वहीं, PVR INOX और सिनेपोलिस जैसी बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन हिंदी फिल्मों के लिए थिएटर रिलीज के बाद आठ सप्ताह का अंतर चाहती हैं. इसी अंतर के चलते उत्तर भारत के बड़े मल्टीप्लेक्स में फिल्म को स्क्रीन मिलने में परेशानी होने की आशंका जताई गई थी. हालांकि, बाद में मेकर्स ने साफ किया कि फिल्म 15 अक्टूबर को हिंदी में भी रिलीज होगी.





















































