नई दिल्ली। घर बनवाना हो या बना बनाया खरीदना हो, बिना होम लोन के मिडिल क्लास के लिए इस सपने को पूरा करना संभव नहीं होता है. कई बार होम लोन पूरा नहीं होता, उससे पहले ही टॉप अप की जरूरत पड़ जाती है. ऐसे में आप बैंक से कितने पैसे का टॉप अप लोन ले सकते हैं. वैसे तो टॉप अप हर तरह के लोन पर मिलता है, लेकिन होम लोन का टॉप अप सस्ता पड़ता है, क्योंकि इसकी ब्याज दरें होम लोन की मौजूदा ब्याज दरें जितनी ही होती हैं. अगर आप भी अपने होम लोन के साथ टॉप अप के लिए अप्लाई करना चाहते हैं तो पहले यह समझना जरूरी है कि बैंक से कितना पैसा टॉप अप के रूप में ले सकते हैं.
टॉप अप का मतलब हुआ कि आपके मौजूदा होम लोन पर ही एक्स्ट्रा पैसे लेना. टॉप अप ऐसे लोगों को आसानी से मिल जाता है, जो अपने होम लोन का भुगतान बिना किसी चूक के करते हैं और उनका अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड होता है. ऐसे में जरूरत के समय अलग से लोन अप्लाई करने और उसकी लंबी प्रक्रिया में फंसने के बजाय पहले से चल रहे होम लोन पर टॉप अप लेना ही बेहतर सौदा होता है. इसकी ब्याज दरें पर्सनल लोन लेने से कहीं ज्यादा सस्ती पड़ती हैं.
कैसे काम करता है टॉप अप लोन
बैंक टॉप अप लोन सिर्फ उन्हीं कस्टमर को ऑफर करते हैं, जिनका होम लोन पहले से चल रहा होता है. साथ ही उनका एक क्लीन रिकॉर्ड भी होता है, जिसमें कोई भी ईएमआई बाउंस नहीं होती है. टॉप अप लोन के लिए जरूरी है कि आपने कम से कम एक साल तक ईएमआई का भुगतान किया हो और इस दौरान आपकी प्रॉपर्टी की कीमतें भी बढ़ती रही हों. तब आपका बैंक अतिरिक्त लोन लेने की पेशकश करता है. टॉप अप के बाद अमाउंट के हिसाब से आपकी ईएमआई बढ़ सकती है, अगर आपने टेन्योर को नहीं बढ़ाया है तो.
कितना टॉप अप देते हैं बैंक
एक बैंक आपको कितना टॉप अप दे सकता है, यह प्रॉपर्टी की मार्केट वैल्यू और बैंक की ओर से दी जाने वाली लोन टू वैल्यू अनुपात पर निर्भर करता है. अधिकतर बैंक प्रॉपर्टी की कीमत का 70 से 80 फीसदी तक लोन ऑफर करते हैं. अगर आपके प्रॉपर्टी की कीमत 1 करोड़ रुपये है और 50 लाख का होम लोन पहले से बाकी है तो बैंक 20 से 30 लाख रुपये और टॉप अप के रूप में दे सकते हैं. यह सीमा अलग-अलग बैंकों के लिए अलग हो सकती है.
कहां यूज कर सकते हैं पैसा
होम लोन का पैसा जहां सिर्फ घर बनवाने या खरीदने में ही इस्तेमाल किया जा सकता है, वहीं टॉप अप का पैसा आप किसी भी अन्य काम के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. आप चाहें तो इन पैसों से मिडिकल बिल भरें या एजुकेशन का फंड चुकाएं या फिर अपने किसी पर्सनल यूज के लिए खर्च करें. अच्छी बात यह है कि पर्सनल लोन की तरह इसका इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि ब्याज इससे कहीं कम लगता है. पर्सनल लोन से टॉप अप की ब्याज दर 2 से 4 फीसदी कम रहता है.

























































