नई दिल्ली। अंक ज्योतिष में कुछ मूलांक वालों को खतरों का खिलाड़ी माना जाता है यानि ये लोग जीवन में जोखिम उठाने में कभी पीछे नहीं हटते। इन मूलांक में सबसे पहला नाम आता है मंगल के स्वामित्व वाले मूलांक 9 वालों का। यह सभी नौ मूलांकों में सबसे निडर माने जाते हैं। इसके साथ मूलांक 1 और 5 वाले भी जोखिम उठाने के मामले में कम नहीं होते हैं। आइए विस्तार से जान लेते हैं इन मूलांक वालों के बारे में।
मूलांक 9 (9, 18, 27 तारीख में जन्मे लोग)
मूलांक 9 का स्वामी ग्रह मंगल है इसलिए ऊर्जा और साहस की इस मूलांक वालों में कोई कमी नहीं होती। ये जीवन में सफलता पाने के लिए बड़े-बड़े जोखिम लेने से भी पीछे नहीं हटते। एडवेंचर कार्यों, सेना, पुलिस में इस मूलांक वालों को आप पा सकते हैं। चुनौतियां आने पर ये कभी भी पीछे नहीं हटते ये लोग सच्चे फाइटर होते हैं। इनकी संगति में रहकर बाकी लोगों का आत्मविश्वास भी बढ़ जाता है। जोखिम लेकर इनको असफलता भी हाथ लगती है लेकिन उसके बावजूद भी ये दोबारा जोखिम उठाने के लिए तैयार हो जाते हैं।
मूलांक 1 (1, 10, 19, 28 तारीख में जन्मे लोग)
सूर्य ग्रह को ग्रहों का राजा कहा जाता है। सूर्य तेज और नेतृत्व के कारक ग्रह भी हैं। इसीलिए मूलांक 1 वाले भी सूर्य की तरह शेर दिल और जोखिम उठाने वाले माने जाते हैं। ये दुनिया से हटकर अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करते हैं और इसके लिए जोखिम लेने में भी ये पीछे नहीं हटते। इनका आत्मविश्वास इतना अधिक होता है कि जहां जीतने की कम से कम संभावना हो वहां भी ये अपना शत प्रतिशत दे सकते हैं। यही वजह है कि जब इन्हें सफलता मिलती है तो ये शिखर पर होते हैं।
मूलांक 5 (5, 14, 23 तारीख में जन्मे लोग)
इस मूलांक का स्वामी ग्रह बुध है जिसे बुद्धि और गति का प्रतीक माना जाता है। इस मूलांक वाले भले ही शारीरिक रूप से जोखिम उठाने वाले न हों लेकिन मानसिक रूप से ये बहुत तीव्र होते हैं। इसलिए अपना दिमाग का इस्तेमाल करके ये जोखिम उठाते हैं और इनको जोखिम उठाने पर सफलता भी प्राप्त होती है। इस राशि के लोग बदलावों से बिल्कुल डरते नहीं है और इसीलिए बोल्ड फैसले जीवन में लेते हैं।

























































