दार्जिलिंग: दार्जिलिंग भारत के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है. अगर आप वहां घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपको चौरास्ता स्क्वायर के पास में बसे महाकाल मंदिर के दर्शन जरूर करने चाहिए.
इस मंदिर में दर्शन करने के लिए लोग पूरे देश से आते हैं. ये एक पहाड़ी पर बसा हुआ है, जिसकी वजह से वहां का नजारा और भी खूबसूरत है.
इस जगह की अपनी अलग ही खासियत है. यहां हिंदू और बौद्ध धर्म की एकता की असली मिसाल देखने को मिलती है. इस खबर में हम इस मंदिर के बारे में डिटेल से जानकारी देंगे.
क्या है इस मंदिर का इतिहास?
दार्जिलिंग की सबसे खूबसूरत पहाड़ियों में से एक ऑब्जर्वेटरी पहाड़ी पर ही ये मंदिर बसा हुआ है. कहा जाता है कि जहां ये मंदिर बना हुआ है वहां पहले एक मठ हुआ करता था.
मठ का नाम दोरजे लिंग था. लेकिन आगे चलकर ये जगह हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों के लोगों के लिए आस्था का केंद्र बन गई.
मान्यताओं के अनुसार, साल 1782 में यहां तीन ऐसे शिवलिंग प्रकट हुए, जिन्हें ब्रह्मा, विष्णु और महेश का रूप माना जाता है. इसके बाद इस जगह का धार्मिक महत्व और भी ज्यादा बढ़ गया.
दोनों धर्मों की अनोखी आस्था का संगम
इस मंदिर की खासियत की बात करें तो यहां जो भी घूमने आता है, उसे गजब का सुकून मिलता है.
अगर आप मंदिर के अंदर जाएंगे तो आपको देखने को मिलेगा कि एक तरफ पुजारी पूजा करते दिखेंगे तो दूसरी ओर बौद्ध भिक्षु भी अपनी पवित्र किताबें पढ़ते हैं.
दोनों धर्मों की खूबसूरती को एक साथ देखना, हमारी आंखों को अलग ही सुकून देता है.
इस मंदिर में सबसे मुख्य देवता भगवान शिव हैं इसलिए इस जगह का नाम महादेव मंदिर पड़ा. लेकिन परिसर में भगवान हनुमान, गणेश और मां दुर्गा को समर्पित छोटे मंदिर भी बने हुए हैं.
मंदिर से जुड़ी खास परंपराएं
इस मंदिर में कई परंपराएं भी निभाई जाती हैं, जो इस मंदिर को खास बनाती हैं. जैसे वहां दर्शन करने जो भी आते हैं वो नंगे पैर मंदिर की तीन बार परिक्रमा करते हैं.
वहीं, बौद्ध परंपरा के अनुसार मंदिर के चारों ओर रंग-बिरंगे प्रार्थना वाले झंडे हवा में लहराते रहते हैं. ऐसा माना जाता है कि ये झंडे भक्तों की प्रार्थनाओं को सीधे भगवान तक पहुंचाते हैं.
मौसम बदलने के साथ जब इन झंडों का रंग फीका पड़ने लगता है, तो बौद्ध मान्यताओं के अनुसार इसे इस बात का प्रतीक माना जाता है कि भक्तों के पाप धुल रहे हैं.
आप यहां घूमेंगे तो आपको इस पूरे पहाड़ी परिसर में आपको बड़ी संख्या में बंदर भी देखने को मिल जाएंगे.
महाकाल गुफा के दर्शन और पहाड़ का नजारा
अगर आप मंदिर के दर्शन करने गए हैं तो आपको महाकाल गुफा में भी जरूर घूमने जाना चाहिए. मंदिर से कुछ कदम नीचे उतरने के बाद ये गुफा आपको मिल जाएगी.
इस गुफा में भी भगवान शिव और मां दुर्गा की पूजा की जाती है. ये मंदिर एक ऊंची पहाड़ी पर बसा है, इसलिए यहां से पूरे दार्जिलिंग शहर का बहुत ही सुंदर नजारा दिखाई देता है.























































