नई दिल्ली: साउथ सिनेमा के मशहूर निर्देशक एसएस राजामौली इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर चर्चा में हैं. ‘आरआरआर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद राजामौली एक बार फिर बड़े पर्दे पर भव्य कहानी लेकर आ रहे हैं. इस फिल्म में महेश बाबू लीड रोल में नजर आएंगे.
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह है. अब इसकी रिलीज से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है. फिल्म ने अपनी तेलुगु थिएट्रिकल डील से बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है.
300 करोड़ रुपये में बिके तेलुगु थिएट्रिकल राइट्स
तेलुगु123 की रिपोर्ट के अनुसार, ‘वाराणसी’ के तेलुगु थिएट्रिकल राइट्स 300 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं. मैथ्री मूवी डिस्ट्रीब्यूटर्स एलएलपी (Mythri Movie Distributors LLP) ने फिल्म के तेलुगु थिएट्रिकल राइट्स हासिल कर लिए हैं. इतनी बड़ी रकम में राइट्स बिकना फिल्म के कारोबार के लिहाज से एक बड़ी बात मानी जा रही है.
इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि ट्रेड में फिल्म को लेकर कितनी उम्मीदें हैं. हालांकि, मेकर्स की ओर से इस डील को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
नेटफ्लिक्स ने खरीदे डिजिटल राइट्स
थिएट्रिकल डील के अलावा फिल्म के ओटीटी राइट्स को लेकर भी बड़ी खबर है. रिपोर्ट्स के अनुसार, नेटफ्लिक्स ने ‘वाराणसी’ के डिजिटल राइट्स हासिल किए हैं. हालांकि, इस डील की कीमत का खुलासा नहीं हुआ है. फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके थिएट्रिकल और डिजिटल राइट्स की खूब चर्चा हो रही है.
फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे
‘वाराणसी’ में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इनके अलावा प्रकाश राज भी फिल्म का हिस्सा हैं. ये बड़े स्तर पर बनाई जा रही फिल्म है, जिसकी कहानी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचेगी. फिल्म को श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस के बैनर तले प्रोड्यूस किया जा रहा है.
कब रिलीज होगी ‘वाराणसी’?
फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार एमएम कीरावानी संभाल रहे हैं. राजामौली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं. ‘वाराणसी’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 7 अप्रैल, 2027 को रिलीज होगी. फिल्म को कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा. अब देखना होगा कि रिलीज के बाद यह बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है.























































