नई दिल्ली: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) एक ऐसा कामिकेज ड्रोन सिस्टम लेने की योजना बना रहा है, जो ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) और रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) पर आधारित फर्स्ट पर्सन व्यू (FPV) तकनीक से लैस होगा. इसमें दिन और रात में काम करने वाले अलग-अलग मानवरहित हवाई वाहन (UAV) शामिल होंगे.
इसके अलावा ये ड्रोन उच्च-विस्फोटक ‘एंटी-पर्सनेल’ वॉरहेड ले जाने में सक्षम होंगे. पूरे पेलोड के साथ इनकी न्यूनतम गति 150 किमी प्रति घंटा या उससे अधिक होगी. इस सिस्टम में 2 हाई विस्फोटक एंटी-पर्सनेल वॉरहेड भी होंगे, जिनका मारक दायरा 10 मीटर का हो. इस सिस्टम का मकसद रिमोट वाले हवाई वाहन का उपयोग करके टारगेट के खिलाफ वन-वे मिशन को अंजाम देना है.
क्या है कामिकेज ड्रोन
ANI के मुताबिक कामिकेज ड्रोन जिसे लोइटरिंग म्यूनिशन कहा जाता है, एक ऐसा UAV है जिसमें विस्फोटक भरे होते हैं. यह निगरानी सेंसर और गाइडेड हथियार, दोनों की तरह काम करता है. इसमें मिसाइल दागकर वापस बेस पर लौटने के बजाय ड्रोन खुद ही लक्ष्य से टकराकर फट जाता है, जिससे लक्ष्य और ड्रोन, दोनों नष्ट हो जाते हैं.
कंपनियों से मांगे सुझाव
CRPF ने ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) और रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF)-आधारित FPV कामिकेज ड्रोन के लिए ड्राफ्ट क्वालिटेटिव रिक्वायरमेंट्स को लेकर वेंडर्स और कंपनियों से तकनीकी इनपुट और सुझाव मांगे हैं. इसमें 50 से अधिक स्पेसिफिकेशन्स शामिल हैं. CRPF ने कहा है कि बिना वॉरहेड और OFC स्पूल के यह एरियल व्हीकल समुद्र तल से 1,000 मीटर ऊपर (AMSL) कम से कम 30 मिनट तक उड़ने में सक्षम होना चाहिए. वॉरहेड और OFC स्पूल के साथ इसी ऊंचाई पर कम से कम 20 मिनट तक उड़ने की क्षमता होनी चाहिए.
इस ड्राफ्ट में यह भी प्रावधान है कि ऊंचाई में हर अतिरिक्त 1,000 मीटर की वृद्धि के साथ एंड्योरेंस में 10 प्रतिशत की कमी आएगी. इसके अलावा इसमें 5 मीटर गुणा 5 मीटर के दायरे में वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग (VTOL) की क्षमता होनी चाहिए. स्पेसिफिकेशन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जमीन से 300 मीटर ऊपर (AGL) ड्रोन का अकॉस्टिक सिग्नेचर 40 डेसिबल से कम होना चाहिए.
CRPF ने स्पष्ट किया है कि एक बोर्ड सिस्टम के पुर्जों का भौतिक निरीक्षण करेगा और लॉन्च व रिकवरी, मिशन रेंज, एंड्योरेंस, ऑपरेटिंग ऊंचाई और उड़ान मोड जैसे मापदंडों का भी मूल्यांकन किया जाएगा.























































