नई दिल्ली: WhatsApp दुनिया भर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला मैसेजिंग ऐप है, लेकिन अब इस ऐप पर स्कैम और फ्रॉड के खतरे भी तेजी से बढ़ रहे हैं। क्योंकि आज के समय में WhatsApp सिर्फ मैसेज भेजने का ऐप नहीं रहा, बल्कि बैंक अलर्ट, ऑफिस का काम और निजी बातचीत का सबसे बड़ा जरिया बन चुका है। इसी वजह से साइबर ठग WhatsApp यूजर्स को तेजी से निशाना बना रहे हैं। फेक कॉल, ट्रैकिंग लिंक, अनजान फोटो-वीडियो और इनाम का लालच देकर लोगों से पैसा और पर्सनल डिटेल्स छीनी जा रही है। आइए आपको डिटेल में बताते हैं कि व्हाट्सऐप पर किस तरह के स्कैम चल रहे हैं और आप इनसे कैसे बच सकते हैं:
WhatsApp पर चल रहे इस तरह के बड़े स्कैम
फेक लिंक और मैसेज से सबसे ज्यादा खतरा: आजकल WhatsApp पर आने वाले ज्यादातर स्कैम मैसेज में कोई न कोई लिंक जरूर होता है। यह लिंक कभी KYC अपडेट के नाम पर होता है तो कभी ट्रैफिक चालान या डिलीवरी के बहाने भेजा जाता है। जैसे ही यूजर इस लिंक पर क्लिक करता है फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जहां वो फ्रॉड का शिकार होता है।
अनजान कॉल और वीडियो कॉल से रहें सतर्क: कई मामलों में ठग WhatsApp पर कॉल या वीडियो कॉल करते हैं। कॉल उठाते ही सामने वाला खुद को बैंक अधिकारी, पुलिस या कस्टमर केयर बताता है और डर या लालच दिखाकर जानकारी निकालने की कोशिश करता है। कई बार कॉल के दौरान ही किसी तरह का लिंक भेज दिया जाता है। ऐसे अनजान कॉल्स को उठाने से बचना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।
WhatsApp की नई सिक्योरिटी सेटिंग्स फ्रॉड से बचने में करेगी मदद
WhatsApp ने हाल के समय में कुछ मजबूत सिक्योरिटी फीचर्स जोड़े हैं। अब आप अनजान नंबर से आने वाली कॉल को साइलेंट कर सकते हैं, जिससे ठगों की कॉल सीधे मिस्ड कॉल में चली जाती है। इसके अलावा प्राइवेसी सेटिंग्स में जाकर प्रोफाइल फोटो, लास्ट सीन और स्टेटस सिर्फ कॉन्टैक्ट्स को दिखाने का भी ऑप्शन है, जिससे स्कैमर्स को कम डिटेल्स मिलती है।
WhatsApp अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन बेहद जरूरी है। इसमें एक अलग PIN सेट करना होता है, जिससे कोई दूसरा व्यक्ति आपके नंबर से अकाउंट एक्सेस नहीं कर सकता। अगर कभी ठग आपके OTP तक पहुंच भी जाए, तब भी यह PIN आपके अकाउंट को सुरक्षित रखता है।
अगर WhatsApp पर अचानक कोई मैसेज आए कि आपने इनाम जीत लिया है या बहुत सस्ते में कोई महंगा प्रोडक्ट मिल रहा है, तो सतर्क हो जाएं। असली कंपनियां इस तरह के ऑफर WhatsApp मैसेज के जरिए नहीं देतीं। ऐसे मैसेज ज्यादातर लोगों को फंसाने के लिए भेजे जाते हैं।
फ्रॉड से बचने के लिए WhatsApp की ये Settings चालू करें
- Step 1: सबसे पहले WhatsApp को सबसे नया वर्जन में अपडेट करें।
- Step 2: अब Settings में > Privacy में > Advanced में जाएं।
- Step 3: इसके बाद “Block Unknown Account Messages” को ON करें।
अगर आपको शक हो कि आपका अकाउंट खतरे में है तो करें ये काम
अगर आपको लगता है कि आपके WhatsApp अकाउंट के साथ कुछ गड़बड़ हो रही है, तो तुरंत अपना टू-स्टेप वेरिफिकेशन PIN बदलें। साथ ही Linked Devices चेक करें और किसी अनजान डिवाइस को तुरंत हटा दें। जरूरत पड़े तो WhatsApp सपोर्ट में रिपोर्ट भी करें।
WhatsApp Scam से बचने के लिए जरूर ध्यान रखें ये छोटी बातें
WhatsApp पर सुरक्षित रहने का सबसे आसान नियम है। अनजान मैसेज और लिंक को नजरअंदाज करें। किसी से भी OTP, PIN या बैंक डिटेल शेयर न करें। ऐप को हमेशा अपडेट रखें और प्राइवेसी सेटिंग्स सही तरह से सेट करें।

























































