नई दिल्ली। ओटीटी की ब्लॉकबस्ट सीरीज पर बेस्ड फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सक्सेस मिली है. इसके बाद से पॉपुलर स्ट्रीमिंग शो के बड़े पर्दे पर आने की उम्मीद भी बड़ गई हैं. वहीं ‘पंचायत’ को लेकर भी कई लोगों का माना है कि इसे थिएटर के लिए अडैप्ट किया जा सकता है. इसने अपने हल्के-फुल्के ह्यूमर और ग्रामीण भारत की असल जिंदगी की झलक दिखाने के अंदाज से चार सीजन में एक डेडिकेटेड फ़ैन-बेस बनाया है. इन सबके बीट हाल ही में सीरीज में प्रधान जी का रोल निभाने वाले एक्टर रघुबीर यादव ने बताया कि क्या ‘पंचायत’ पर फिल्म बनेगी या नहीं?
‘पंचायत’ सीरीज पर फिल्म बनाने को लेकर क्या बोले रघुबीर यादव
‘पंचायत’ के थिएटर तक पहुंचने की संभावना के बारे में ‘वैरायटी इंडिया’ से बात करते हुए, रघुबीर यादव ने कहा कि वह यह फैसला क्रिएटर्स पर छोड़ देंगे. एक्टर ने माना कि उन्होंने इस बारे में सोचा भी नहीं है कि सीरीज को फ़िल्म में बदला जाना चाहिए या नहीं. एक्टर ने कहा, “मुझे नहीं पता, यह राइटर पर डिपेंड करता है. अगर यह बनती है, तो मैं दखल नहीं दूंगा, मैं तो यह सोच भी नहीं पा रहा हूं कि इसे बनाया जाना चाहिए या नहीं. यह उनकी सोच है. अगर यह बनती है, तो मैं इसमें काम करूंगा.”
‘पंचायत’ पर फिल्म बनाकर सीजन क्यों करेंगे खराब
हालांकि ‘पंचायत’ को थिएटर या फ़िल्म के तौर पर पेश करने से फुलेरा के लोगों की कहानी ज़्यादा बड़े दर्शकों तक पहुंच सकती है, लेकिन यादव का मानना है कि यह फॉर्मेट शो की कहानी कहने के तरीके के लिए एक चुनौती हो सकता है. उन्होंने कहा, “हो सकता है कि राइटर के मन में कई और सीजन हों. वह फिल्म बनाकर सीज़न क्यों खराब करेंगे?”
‘पंचायत’ की दुनिया को तीन घंटे में समेटना मुश्किल
रघुवीर यादव ने यह भी बताया कि किरदारों की डायवर्सेटी और उनकी अलग-अलग कहानियों की वजह से ‘पंचायत’ की दुनिया को आम दो या तीन घंटे की फ़िल्म में समेटना मुश्किल है. उन्होंने कहा, “मैं गांवों में रहा हूँ और जानता हूं कि इसे तीन-चार घंटे में समेटना बहुत मुश्किल है. अगर आप शो में किसी की भी जिंदगी को देखें बनराकस, मंजू देवी, सचिव जी -तो तीन घंटे कुछ भी नहीं हैं. ”
दिलचस्प बात यह है कि ‘पंचायत’ सिर्फ़ अपने मुख्य किरदार पर ही निर्भर नहीं है. मंजू देवी, बनराकस, प्रधान-पति बृज भूषण और सचिव जी जैसे किरदारों ने सीजन के दौरान अपनी अलग-अलग कहानियाँ और रिश्ते बनाए हैं.
‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का फैंस को इंतजार
रघुवीर यादव की ये बातें ऐसे समय में आई हैं जब दर्शक ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ‘द वायरल फीवर’ (टीवीएफ) द्वारा बनाई गई यह सीरीज अभिषेक त्रिपाठी की कहानी है, जो शहर में पला-बढ़ा ग्रेजुएट है और एक काल्पनिक गांव ‘फुलेरा’ की ग्राम पंचायत में सेक्रेटरी का पद संभालता है.
अपने चार सीजन के दौरान, शो ने अपने किरदारों और कहानियों का दायरा बढ़ाया है, साथ ही अपने जमीनी अंदाज को भी बनाए रखा है. वहीं प्राइम वीडियो ने ऑफिशियली कंफर्म किया है कि सीज़न 5 को अक्टूबर और नवंबर 2026 के बीच रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है.





















































