नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों अंशधारकों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है. ईपीएफओ के नए नियमों के तहत, यदि किसी पीएफ खाताधारक ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल फोटो अपडेट नहीं की है, तो उसका पीएफ क्लेम और ई-नॉमिनेशन की प्रक्रिया बीच में ही अटक सकती है. डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने और ऑनलाइन फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए संगठन ने इस नियम को कड़ाई से लागू कर दिया है.
पहचान और सुरक्षा के लिए फोटो अनिवार्य
ईपीएफओ अधिकारियों के अनुसार, प्रोफाइल फोटो सदस्य की डिजिटल पहचान स्थापित करने का मुख्य जरिया है. यदि पोर्टल पर फोटो अपलोड नहीं होगी, तो सदस्य का ‘ई-नॉमिनेशन’ पूरा नहीं हो सकेगा. चूंकि ई-नॉमिनेशन के बिना ऑनलाइन एडवांस या फाइनल पीएफ क्लेम का निपटारा नहीं किया जाता, इसलिए यह छोटी सी लापरवाही खाताधारकों को भारी पड़ सकती है. प्रोफाइल पूरी तरह अपडेट रहने से दावों का निपटारा बेहद तेज और पारदर्शी तरीके से होता है.
घर बैठे ऐसे अपडेट करें अपनी प्रोफाइल फोटोपीएफ खाताधारक नीचे दी गई बेहद आसान ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए मिनटों में अपनी फोटो अपलोड कर सकते हैं:
पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले ईपीएफओ के आधिकारिक मेंबर पोर्टल पर जाएं और अपना 12 अंकों का UAN और पासवर्ड दर्ज कर लॉगिन करें.
प्रोफाइल विकल्प चुनें: होम पेज खुलने पर मेन्यू बार में दिए गए ‘View’ टैब पर क्लिक करें और ड्रॉप-डाउन से ‘Profile’ विकल्प को चुनें.
फोटो बदलें: यहां बाईं तरफ आपकी प्रोफाइल इमेज के नीचे ‘Change Photo’ का विकल्प दिखेगा, उस पर क्लिक करें.
अपलोड और सेव करें: ‘Browse’ बटन दबाकर अपने कंप्यूटर या मोबाइल से डिजिटल पासपोर्ट साइज फोटो सिलेक्ट करें. इसके बाद ‘Preview’ देखकर ‘Upload Photograph’ पर क्लिक करें और ‘OK’ दबाकर सेव कर लें.
इन नियमों का पालन करना है जरूरी
फोटो अपलोड करते समय ईपीएफओ के दिशा-निर्देशों का ध्यान रखना जरूरी है, वरना फोटो रिजेक्ट हो सकती है:
- फोटो केवल हाल ही में खींची गई रंगीन पासपोर्ट साइज होनी चाहिए.
- फोटो का बैकग्राउंड पूरी तरह सफेद या हल्के रंग का होना आवश्यक है.
- चेहरे पर टोपी, स्कार्फ या डार्क चश्मा नहीं होना चाहिए और दोनों कान साफ दिखने चाहिए.
ऑटो-सेटलमेंट के लिए KYC भी है जरूरी
ईपीएफओ ने हाल ही में ऑटो-सेटलमेंट प्रणाली को अपग्रेड किया है, जिससे अब सही क्रेडेंशियल्स वाले क्लेम महज 3 से 4 दिनों में सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाते हैं. इसके लिए फोटो के साथ-साथ आपके यूएएन से आधार कार्ड लिंक होना चाहिए, पैन कार्ड वेरिफाइड होना चाहिए (ताकि टीडीएस न कटे) और बैंक खाता विवरण (IFSC कोड सहित) बिल्कुल सही और एक्टिव होना चाहिए.

























































