नई दिल्ली। ओडिशा की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। नौकरशाह से राजनेता बने वीके पांडियन की पत्नी और पूर्व आईएएस अधिकारी सुजाता राउत कार्तिकेयन ने गुरुवार को बीजू जनता दल (BJD) का दामन थाम लिया। कार्तिकेयन पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक की मौजूदगी में बीजेडी में शामिल हुई हैं।
सुजाता राउत कार्तिकेयन गुरुवार को बीजू जनता दल के मुख्यालय (शंख भवन) पहुंचीं। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और महिला विंग की वरिष्ठ नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सुजाता के शामिल होने पर नवीन पटनायक ने क्या कहा?
सुजाता के शामिल होने के बाद पार्टी चीफ नवीन पटनायक ने कहा, “मैं सुजाता राउत का बीजद में स्वागत करता हूं। वह पार्टी की एक साधारण सदस्य के रूप में शामिल हैं। आप जानते हैं कि वह आईएएस अधिकारी रह चुकी हैं और उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें ओडिशा में महिलाओं की देखभाल का उनका अंतिम पद भी शामिल है। समय के साथ, वह नए पद के अनुकूल ढल जाएंगी। वह लोगों, विशेषकर महिलाओं की मदद करना सीखेंगी।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि मैं एक बार फिर दोहराना चाहता हूं कि आगामी चुनावों में मैं बीजेडी का नेतृत्व करूंगा। मैं इसे बिल्कुल स्पष्ट करना चाहता हूं। पार्टी ने सभी 30 जिलों के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों को शंख भवन में आमंत्रित किया था। जाहिर तौर पर यह संकेत देने के लिए कि उनका बीजद में शामिल होना पार्टी का सामूहिक निर्णय है।
हालांकि यह दावा किया जा रहा है कि वह एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगी, लेकिन बीजेडी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में पार्टी में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उनकी नियुक्ति को बीजेडी की व्यापक उत्तराधिकार योजना के हिस्से के रूप में भी देखा जा रहा है।
सुजाता ने 2025 में ले ली थी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति
ओडिशा कैडर की 2000 बैच की आईएएस अधिकारी सुजाता, जिन्हें बीजद शासन के दौरान प्रभावशाली नौकरशाहों में से एक माना जाता था। उन्होंने 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बीजद की हार के कुछ महीनों बाद, मार्च 2025 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का विकल्प चुना।
बीजद में शामिल होने के बाद सुजाता ने क्या कहा?
सुजाता ने पार्टी में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे नवीन पटनायक के नेतृत्व में 24 वर्षों तक ओडिशा की जनता की सेवा करने का अवसर मिला। बीजेडी में शामिल होकर मुझे नवीन बाबू के नेतृत्व में ओडिशा की जनता की सेवा करने का वही अवसर फिर से मिल गया है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ और बीजेडी के लाखों कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से मैं पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ राज्य के लिए काम करूंगी।
2023 में राजनीति में आए वीके पांडियन
सुजाता के पति वीके पांडियन पहले ही बीजेडी के मुख्य रणनीतिकार रहे हैं। नवंबर 2023 में राजनीति में आए पांडियन ने 2024 के चुनावों में पार्टी की कमान संभाली थी, लेकिन चुनाव में मिली करारी हार के बाद से ही बीजेडी के कई वरिष्ठ नेता पांडियन से नाराज चल रहे हैं। उनका मानना है कि पांडियन की वजह से ही पार्टी को 24 साल बाद सत्ता से बाहर होना पड़ा। अब सुजाता की एंट्री से पार्टी के अंदर की गुटबाजी और तेज हो सकती है।





























































