नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन तमिलनाडु के लिए ऐतिहासिक है. इन परियोजनाओं से लोगों की रोजमर्रा की यात्रा आसान होगी और उद्योग तथा व्यापार को मजबूती मिलेगी. साथ ही, राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
सरकारें बदलीं, तमिलनाडु के विकास का संकल्प नहीं बदला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्हें एम. करुणानिधि और जे. जयललिता के साथ बातचीत करने के कई अवसर मिले. प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने जयललिता, ओ. पन्नीरसेल्वम, ई. पलानीस्वामी और एम.के. स्टालिन के साथ भी काम किया.
पीएम मोदी ने कहा कि सरकारें बदलती रहीं, लेकिन तमिलनाडु के विकास और यहां के लोगों की सेवा करने का उनका संकल्प कायम रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के साथ भी इस यात्रा को आगे बढ़ाया जा रहा है.
सीएम विजय ने केंद्र से की ₹5,110 करोड़ जारी करने की मांग
इस बीच, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समग्र शिक्षा अभियान (SSA) के तहत तमिलनाडु को मिलने वाले केंद्र के हिस्से के 5,110 करोड़ रुपये बिना किसी शर्त के जारी करने का आग्रह किया.
विजय की यह मांग केंद्र और तमिलनाडु के बीच शिक्षा फंड को लेकर जारी विवाद के संदर्भ में अहम है. मुख्यमंत्री ने केंद्र से राज्य को मिलने वाली राशि बिना शर्त जारी करने की मांग की.























































