नई दिल्ली। इस समय बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई से धमाल मचा रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता किसी चमत्कार से कम नहीं है. बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की थिएटर ऑक्यूपेंसी में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. इसी बीच फिल्म ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने मूवी से जुड़ा दिल दुखाने वाला एक किस्सा शेयर किया है. बॉक्स ऑफिस पर अपनी फिल्म की सफलता का जश्न मना रहे विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में बताया कि जब एक बार वो अपनी इस फिल्म को एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के पास लेकर गए, तो वहां उनकी इस फिल्म को रिजेक्शन का सामना करना पड़ा. चलिए जानते हैं कि उन्होंने और क्या-क्या बताया है.
मैं रो पड़ा…
टीवी को दिए एक इंटरव्यू में ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने अपनी इस फिल्म पर दिल खोलकर बात की. विशाल ने कहा, ‘मैं अपनी कहानी एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के पास लेकर गया था, और वहां उन्होंने मुझसे कहा कि ‘मेरी कहानी भारतीय है लेकिन इंटरनेशनल लेवल पर फेमस है.’ मैंने महाराज जी की कहानी इस तरह सुनाई कि मैं खुद भी रो पड़ा.’ विशाल ने आगे बताया कि उस ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उनकी कहानी रिजेक्ट कर दी.
अब नैरेटिव को तोड़ना जरूरी है…
ओटीटी प्लेटफॉर्म द्वारा फिल्म के रिजेक्शन पर बात करते हुए विशाल ने कहा, ‘मुझे लगा कि जिस तरह उन्होंने हमारी फिल्म को रिजेक्ट किया और मूवी के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, वो थोड़ा अपमानजनक था. जिस तरह से उन्होंने कहा, मुझे लगा कि उनके दिमाग में जो नैरेटिव है, जिस तरह से उन्होंने मुझे रिजेक्ट किया, उस नैरेटिव को अब तोड़ना जरूरी है. हम फिल्ममेकर्स हैं, हमें हजारों बार रिजेक्शन झेलना पड़ा है. आप एक कहानी सुनाते हैं और अगर आपको समझ नहीं आती, तो आप कहते हैं कि अच्छी है, लेकिन हम इसे बाद में करेंगे.’
‘हनुमान अंश’ की कमाई
विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत काफी धीमी रही, लेकिन 17वें दिन के बाद से फिल्म की कमाई ने जो रफ्तार पकड़ी है, उसने सभी को हैरान कर दिया है. फिल्म अब 80 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है.
























































