नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें एकनाथ शिंदे गुट के पूर्व विधायक ये कहते हुए नजर आ रहे थे कि विधायक न होने के बावजूद भी मुझे 20 करोड़ का फंड मिलता है, जबकि मौजूदा विधायक को 2 करोड़ रुपए मिलते हैं. सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हुआ तो फिर कहा कि वो निर्वाचन क्षेत्र में जुटाए गए फंड की बात कर रहे थे. जानिए क्या है पूरा मामला.
वीडियो वायरल होने पर कही ये बात
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक शिवसेना के पूर्व विधायक सदा सर्वणकर ने एक सभा में कहा कि मौजूदा विधायक को 2 करोड़ रुपये मिलते हैं, लेकिन जब मैं विधायक नहीं हूं तब भी मुझे 20 करोड़ रुपये मिलते हैं. बता दें कि सिद्धिविनायक ट्रस्ट के प्रमुख सर्वणकर 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) के महेश सावंत से हार गए थे. हालांकि जब वीडियो वायरल हुआ और उनसे संपर्क किया गया तो फिर कहा कि वह दादर-माहिम निर्वाचन क्षेत्र के लिए जुटाए गए फंड की बात कर रहे थे, जबकि सावंत फंड की कमी की शिकायत कर रहे हैं.
सर्वणकर ने की थी बगावत
बता दें कि साल 2022 में महाराष्ट्र कि सियासत में बड़ा उलटफेर हुआ था जब एकनाथ शिंदे ने शिवसेना को दो भागो में बांट दिया था और 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी थी. उसमें सर्वणकर भी शामिल थे. उन्होंने ने भी उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत के सुर बुलंद किए थे, जिसकी वजह से उनकी काफी ज्यादा चर्चा हो रही थी. सर्वणकर को एकनाथ शिंदे के करीबियों में गिना जाता है.
एकनाथ शिंदे की कमेटी में हुए शाामिल
आने वाले कुछ महीनों में स्थानीय निकाय चुनाव हो सकते हैं. जिसे लेकर सभी पार्टियां अपनी तैयारियों पर जोर देने में लग गई है, एकनाथ शिंदे की शिवसेना भी अपनी तैयारी कर रही है. जिसे लेकर बीते दिन 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था, इसमें एकनाथ शिंदे, प्रमुख नेता, रामदास कदम सहित 21 नेताओं को शामिल किया गया था. जिसमें पूर्व विधायक सदा सर्वणकर का भी नाम है.

























































