नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स 2026 में सोमवार को पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ46 स्पर्धा में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर मेडल अपने नाम किए। रिंकू ने 65.11 मीटर की थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि अजीत सिंह ने 65.02 मीटर की दूरी तय कर सिल्वर मेडल हासिल किया। इंडोनेशिया के सकत्योनो आर. ने 55.30 मीटर की थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
कोकिला को फाइनल में मिली हार
इससे पहले, एशियन चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) की एथलीट कोकिला को फाइनल में किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक किजी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ऐबिके 2026 वर्ल्ड चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट और 2025 एशियन चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। मुकाबले में कोकिला को 21 सेकंड के भीतर इप्पोन से हार मिली, जिसके बाद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
वजन वर्ग में बदलाव के बाद 52 किग्रा में उतर रहीं कोकिला
कोकिला ने 2022 एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं की जे2-48 किग्रा स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। लॉस एंजिलिस 2028 पैरालंपिक खेलों के चक्र के लिए वजन वर्गों में बदलाव किए गए हैं। इसके बाद कोकिला अब 52 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं।
सौम्या ने गोल्ड, राधा ने जीता सिल्वर
सोमवार को जापान के नागोया स्थित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में पैरा-एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सौम्या और राधा वेंकटेश ने महिलाओं की 1500 मीटर टी12/टी13 फाइनल स्पर्धा में क्रमश: गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर भारत की पदक तालिका में इजाफा किया।
गाइड के साथ सौम्या और राधा का शानदार प्रदर्शन
सौम्या ने अपने गाइड भरत कुमार के साथ दौड़ते हुए 5 मिनट 12.39 सेकंड का समय दर्ज किया और गोल्ड मेडल जीता। उन्हें 621 रजा पॉइंट्स मिले। वहीं, राधा वेंकटेश ने अपने गाइड गोविंद सोलंकी के साथ 5 मिनट 30.90 सेकंड में दौड़ पूरी की और 421 रजा पॉइंट्स के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।
जापान की माना सासाकी ने 5 मिनट 12.15 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। हालांकि, रजा पॉइंट्स प्रणाली के तहत उन्हें 336 अंक मिले। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने स्पर्धा में दो पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।





















































