नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी और कहा कि उनका असाधारण प्रदर्शन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को जापान के निशिन में एकतरफा खिताबी मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी श्रीलंका को 147 रन से हराकर एशियाई खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी भारतीय टीम को गोल्ड जीतने पर बधाई
मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “एशियाई खेल 2026 में महिला टी20 क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीतने पर टीम इंडिया के सभी सदस्यों को मेरी हार्दिक बधाई। आपकी ऐतिहासिक जीत ने खेलों के इस संस्करण में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया और देश को गौरवान्वित किया।” उन्होंने कहा, “आपका असाधारण प्रदर्शन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प हमारे युवाओं, खासकर हमारी बेटियों के लिए अत्यंत प्रेरणास्रोत हैं।”
गृह मंत्री अमित शाह ने इन शब्दों से बढ़ाया टीम का हौसला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भारतीय महिला क्रिकेटरों ने स्वर्ण पदक जीतकर समापन किया। पिच पर बेजोड़ कौशल और अदम्य प्रभुत्व के चकाचौंध भरे प्रदर्शन के साथ एशियाई खेलों में पहला स्वर्ण पदक लाने के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई। आप हमेशा विजयी रहें।”
शरद पवार ने भी दी बधाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी और कहा कि इस उपलब्धि ने भारतीय खेल के इतिहास में एक और शानदार अध्याय जोड़ दिया है। पवार ने एक बयान में कहा, “भारत की बेटियों ने दृढ़ संकल्प, लगन और शानदार टीम वर्क के साथ गौरवान्वित करने वाला और सराहनीय प्रदर्शन किया।”
पीएमो इंडिया का भी आया ट्वीट
इस जीत के बाद पीएमओ इंडिया के आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से पोस्ट कर टीम इंडिया को बधाई दी गई। ट्वीट में लिखा गया, “भारतीय क्रिकेट की शानदार जीत। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई। ये इन खेलों में शानदार जीत थी जिसमें आत्मविश्वास, योग्यता और बेहतरीन टीमवर्क था। इस जीत ने भारत को इन खेलों में साल 2026 का अपना पहला गोल्ड मेडल भी दिलाया। टीम ने पूरे देश को गर्व करने का मौका दिया और ये कई युवाओं को प्रेरित करेगी। पूरी टीम को शुभकामनाएं।”
ऐसा रहा भारत बनाम श्रीलंका फाइनल मुकाबले का हाल
मुकाबले की बात करें तो भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन बना दिए। भारत के लिए इस मैच में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर पांच चौके और सात छक्कों की मदद से 79 रनों की पारी खेली। शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों पर 48 रन बनाए। अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने सिर्फ 22 गेंदों का सामना करते हुए 49 रनों की तूफानी पारी खेली जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 69 रनों पर ऑलआउट हो गई। दीप्ति शर्मा ने 3, शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट हासिल किए। भारत ने मुकाबले को 147 रनों से जीतकर एशियन गेम्स में दूसरी बार गोल्ड जीता।




















































