नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वनडे टीम में वापसी हो गई है और अब उनकी नजर एक महारिकॉर्ड पर है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर (रविवार) को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले में रवींद्र जडेजा के पास अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करने का बेहतरीन मौका होगा. 37 साल के रवींद्र जडेजा अगर पहले वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह इतिहास रच देंगे. रवींद्र जडेजा भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे.
फिलहाल रवींद्र जडेजा और वेस्टइंडीज के महान तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श के साथ बराबरी पर हैं. भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अभी संयुक्त रूप से रवींद्र जडेजा और कर्टनी वॉल्श के नाम पर दर्ज है. रवींद्र जडेजा और कर्टनी वॉल्श ने भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे मैचों में सबसे ज्यादा 44-44 विकेट झटके हैं. कर्टनी वॉल्श ने 1985 से 1999 के बीच भारत के खिलाफ 38 वनडे मैचों में 44 विकेट लिए थे. वहीं, रवींद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 32 वनडे में 44 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया है.
कर्टनी वॉल्श का महारिकॉर्ड होगा ध्वस्त
इस एलीट लिस्ट में रवींद्र जडेजा और कर्टनी वॉल्श के बाद भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले का नाम आता है. कपिल देव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने वनडे करियर में 43 विकेट लिए थे, जबकि अनिल कुंबले के नाम 41 विकेट हासिल किए थे. अगर सभी देशों के गेंदबाजों की बात करें, तो वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के महान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वसीम अकरम के नाम दर्ज है. वसीम अकरम ने 1985 से 2002 के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ 64 वनडे खेले और कुल 89 विकेट हासिल किए.
एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम दर्ज है. मुथैया मुरलीधरन ने पाकिस्तान के खिलाफ 65 वनडे मैच खेले और इस दौरान 96 विकेट चटकाए. ऐसे में रवींद्र जडेजा के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का रास्ता पहले वनडे से ही खुल सकता है. रवींद्र जडेजा के पास सिर्फ गेंदबाजी में ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी में भी बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है. उन्होंने भारत के लिए अब तक 210 वनडे मैचों में 142 पारियों के दौरान 2,905 रन बनाए हैं. वह आखिरी बार जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच में खेले थे.
रवींद्र जडेजा कपिल देव के क्लब में शामिल होने के करीब
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में रवींद्र जडेजा को 95 रन और बनाने हैं. ऐसा करते ही वह वनडे क्रिकेट में अपने 3,000 रन पूरे कर लेंगे. अगर रवींद्र जडेजा ऐसा करते हैं, तो वह भारत के सिर्फ दूसरे ऐसे क्रिकेटर बन जाएंगे, जिन्होंने वनडे में 3,000 से ज्यादा रन बनाने के अलावा 200 से ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बनाया है. रवींद्र जडेजा अभी तक 210 वनडे मैचों में 232 विकेट चटका चुके हैं. फिलहाल यह उपलब्धि सिर्फ कपिल देव के नाम है. कपिल देव ने भारत के लिए 1978 से 1994 के बीच 225 वनडे मैच खेले थे. उन्होंने अपने करियर में 3,783 रन बनाए और गेंदबाजी में 253 विकेट हासिल किए थे.





















































