भुवनेश्वर। ओडिशा के लिए गर्व की बात है कि भुवनेश्वर स्थित लोक भवन को इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) ने प्रतिष्ठित प्लेटिनम रेटिंग से प्रमाणित किया है। इस उपलब्धि के साथ लोक भवन भारत का पहला ऐसा भवन बन गया है जिसे ग्रीन प्लेटिनम सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है।
इसके अलावा यह देश का पहला कैंपस भी बन गया है जिसे आईजीबीसी के नए और अधिक कठोर ‘ग्रीन कैंपस वी1’ रेटिंग सिस्टम के तहत प्रमाणन मिला है।
जानकारी के अनुसार, आईजीबीसी द्वारा जुलाई 2024 में ‘ग्रीन कैंपस वी1’ रेटिंग प्रणाली शुरू की गई थी। इस नई व्यवस्था में ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, अपशिष्ट निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र विकास तथा सतत भवन संचालन जैसे विभिन्न मानकों का गहन मूल्यांकन किया जाता है।
लोक भवन ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वोच्च प्लेटिनम रेटिंग हासिल की है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि की औपचारिक घोषणा 1 सितंबर 2026 को की जाएगी। ओडिशा के राज्यपाल भुवनेश्वर स्थित लोक भवन के नए अभिषेक हॉल में पूर्वाह्न 11:30 बजे आयोजित विशेष कार्यक्रम में मीडिया को संबोधित करेंगे।
इस दौरान वे लोक भवन को प्राप्त ग्रीन प्लेटिनम सर्टिफिकेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे तथा राज्य के सतत विकास और पर्यावरण-अनुकूल अवसंरचना निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डालेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि ओडिशा की हरित विकास नीति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी। साथ ही सरकारी परिसरों में ऊर्जा दक्षता और सतत विकास मॉडल को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उदाहरण साबित होगा।

























































