नई दिल्ली। ज्योतिष शास्त्र में मंगल देव को साहस, पराक्रम, ऊर्जा, भूमि और आत्मविश्वास का कारक ग्रह माना जाता है. जब मंगल की स्थिति बदलती है तो इसका असर सभी 12 राशियों पर किसी न किसी रूप में पड़ता है. अब सितंबर की शुरुआत में मंगल देव अपना नक्षत्र बदलने जा रहे हैं. 2 सितंबर 2026 को सुबह 3 बजकर 55 मिनट पर मंगल राहु के आर्द्रा नक्षत्र से निकलकर देवगुरु बृहस्पति के पुनर्वसु नक्षत्र में प्रवेश करेंगे.
मंगल इस नक्षत्र में 23 सितंबर 2026 तक रहेंगे. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, मंगल और गुरु का यह नक्षत्र संबंध कुछ राशियों के लिए शुभ परिणाम लेकर आ सकता है. खास तौर पर मेष, मिथुन, कर्क और धनु राशि के जातकों को इस दौरान करियर, धन, कारोबार और व्यक्तिगत जीवन में अच्छे अवसर मिल सकते हैं.
2 सितंबर को मंगल बदलेंगे नक्षत्र
मंगल देव 2 सितंबर 2026 को सुबह 3 बजकर 55 मिनट पर अपना नक्षत्र परिवर्तन करेंगे. इस दौरान मंगल राहु के स्वामित्व वाले आर्द्रा नक्षत्र से निकलकर देवगुरु बृहस्पति के पुनर्वसु नक्षत्र में प्रवेश करेंगे. ज्योतिष में मंगल को ऊर्जा, साहस, पराक्रम, भूमि, संपत्ति और छोटे भाई-बहनों का कारक माना जाता है. वहीं देवगुरु बृहस्पति ज्ञान, विस्तार, भाग्य, धर्म और समृद्धि से जुड़े ग्रह माने जाते हैं. ऐसे में मंगल का गुरु के नक्षत्र में जाना कई जातकों के लिए सकारात्मक परिणाम देने वाला माना जा रहा है.
आर्द्रा से पुनर्वसु नक्षत्र में जाएंगे मंगल
आर्द्रा नक्षत्र का स्वामी राहु है. ज्योतिषीय मान्यताओं में आर्द्रा को तीव्र बदलाव, संघर्ष, खोज और उथल-पुथल से जोड़कर देखा जाता है. वहीं पुनर्वसु नक्षत्र के स्वामी देवगुरु बृहस्पति हैं. पुनर्वसु का संबंध दोबारा बेहतर स्थिति में लौटने, आशा, विस्तार और सकारात्मकता से जोड़ा जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि किन राशि वालों को मंगल के इस नक्षत्र परिवर्तन से सबसे ज्यादा लाभ मिल सकता है.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए मंगल का पुनर्वसु नक्षत्र में प्रवेश काफी सकारात्मक रह सकता है. मंगल मेष राशि के स्वामी ग्रह हैं, इसलिए इस राशि के जातकों पर मंगल की चाल का विशेष प्रभाव माना जाता है. इस दौरान आपके भीतर आत्मविश्वास और ऊर्जा बढ़ सकती है. लंबे समय से अटके हुए कामों को पूरा करने की कोशिश सफल हो सकती है.
मिथुन राशि
मंगल का नक्षत्र परिवर्तन मिथुन राशि के जातकों के लिए भी लाभकारी माना जा रहा है. इस अवधि में कामकाज से जुड़े मामलों में गति आ सकती है. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है. जो लोग नौकरी बदलने या अपने करियर में कोई नया प्रयोग करने की सोच रहे हैं, उन्हें नए अवसर मिल सकते हैं.
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के लिए मंगल का पुनर्वसु नक्षत्र में प्रवेश कई मामलों में राहत देने वाला हो सकता है. इस दौरान भाग्य का साथ मिलने की संभावना है और लंबे समय से चल रही किसी परेशानी में कमी आ सकती है. परिवार में माहौल बेहतर हो सकता है. आर्थिक रूप से स्थिति मजबूत करने के लिए नए रास्ते मिल सकते हैं.
धनु राशि
धनु राशि के जातकों के लिए मंगल का यह नक्षत्र परिवर्तन खास माना जा रहा है, क्योंकि पुनर्वसु नक्षत्र के स्वामी स्वयं देवगुरु बृहस्पति हैं और बृहस्पति धनु राशि के स्वामी भी हैं. इस दौरान धनु राशि वालों के आत्मविश्वास बढ़ सकता है. नौकरी और कारोबार से जुड़े मामलों में अच्छे अवसर मिल सकते हैं. जो लोग किसी नए काम की शुरुआत करना चाहते हैं, उनके लिए समय अनुकूल रह सकता है.

























































