अनुगुल। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद ओडिशा में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। राज्य सरकार ने सभी जिलों में सतर्कता बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा घेरा मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। पुरी, हीराकुंड, चिलिका, धौली और भुवनेश्वर के प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुरी में कड़ा पहरा, मंदिर क्षेत्र में कमांडो तैनात
पुरी में जगन्नाथ मंदिर और समुद्र तट क्षेत्र को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है। मंदिर के चारों द्वारों, बड़ा दांड ( ग्रैंड रोड), बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।
जिले के एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि सुरक्षा के सभी इंतजाम दुरुस्त किए गए हैं। मंदिर परिसर, होटल और ठहराव स्थलों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।

























































