नई दिल्ली। LPG ग्राहकों के लिए राहत की खबर है. सरकार ने घरेलू LPG कनेक्शन की e-KYC कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है. ग्राहकों की सुविधा और बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह समयसीमा बढ़ाई गई है. अगर आपके LPG कनेक्शन की e-KYC अभी तक पूरी नहीं हुई है, तो जल्द से जल्द ये प्रक्रिया पूरी कर लेना बेहतर होगा.
31 अगस्त के बाद क्या होगा?
e-KYC की प्रक्रिया तय समयसीमा में पूरी नहीं करने पर LPG कनेक्शन तुरंत बंद या रद्द नहीं होगा. लेकिन, गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी में परेशानी आ सकती है यानी जरूरत के समय सिलेंडर हासिल करने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है. कुछ मामलों में LPG सब्सिडी का लाभ भी प्रभावित हो सकता है. जब तक ग्राहक का वेरिफिकेशन पूरा नहीं होता, तब तक उसे सिलेंडर के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है.
क्यों जरूरी है LPG e-KYC?
e-KYC के जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि घरेलू LPG कनेक्शन वास्तविक ग्राहक के नाम पर ही चल रहा है. इसका एक उद्देश्य घरेलू इस्तेमाल के लिए मिलने वाले रियायती LPG सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल को रोकना भी है. इसके अलावा सरकार घरेलू LPG सिलेंडरों के अवैध कमर्शियल इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए भी ग्राहकों का वेरिफिकेशन कर रही है.
घर बैठे कैसे पूरी करें e-KYC?
- LPG e-KYC के लिए ग्राहक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्पों का इस्तेमाल कर सकते हैं. घर बैठे प्रक्रिया पूरी करने के लिए Aadhaar FaceRD ऐप या संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है.
- इंडियन आयल ग्राहक IndianOil ONE ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं
- भारत गैस ग्राहक भारतगैस के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं
- HP गैस ग्राहक HP के संबंधित ऐप के जरिए e-KYC करा सकते हैं
- e-KYC के लिए मोबाइल नंबर से लिंक आधार की जरूरत होगी. अगर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं, तो अपनी LPG एजेंसी पर जाकर भी KYC पूरी कराई जा सकती है.

























































