भुवनेश्वर: ओडिशा में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि, 2 लाख 3 हज़ार से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. 27,967 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. ओडिशा रेवेन्यू डिपार्टमेंट ने बुधवार को यह जानकारी दी.
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चारों मौतें ढेंकनाल ज़िले में हुई हैं. बाढ़ की वजह से 9 जानवरों की भी मौत हो गई है. राज्य के 6 जिलों के 44 ब्लॉक, 233 ग्राम पंचायत, 748 गांव और 6 शहरी इलाके बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. इनमें से 226 गांव अभी भी पानी में डूबे हुए हैं.
सबसे ज़्यादा प्रभावित जिला बालासोर है, जहां 1 लाख 9 हज़ार 429 लोग प्रभावित हुए हैं. जिले के 12 ब्लॉक के 378 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और 19,080 लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है. वहां करीब 17 हजार लोगों ने 125 रिलीफ कैंप में शरण ली है.
भद्रक जिले में 220 गांवों में 80,000 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 5,330 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. जाजपुर में 75 गांवों से 11,000 से ज़्यादा लोगों को निकाला गया है. मयूरभंज से 2,487 और ढेंकनाल जिलों से 1,917 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है.
संबलपुर और ढेंकनाल जिले भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. बाढ़ में 761 घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 7,901 हेक्टेयर से ज़्यादा खेती की जमीन प्रभावित हुई है. प्रभावित लोगों के लिए 212 राहत कैंप लगायी गयीं हैं. जहां 27,712 लोगों ने शरण ले रखा है. इसके अलावा, 3 मवेशी कैंप भी खोले गए हैं.
इसी तरह, बाढ़ प्रभावित अलग-अलग इलाकों में बचाव और राहत काम में तेजी लाने के लिए NDRF, ODRF और फायर ब्रिगेड की टीमों को तैनात किया गया है. प्रशासन नदी के पानी के लेवल पर कड़ी नजर रखे हुए है, वहीं जरूरत पड़ने पर बचाव और निकालने का काम जारी है.

























































