नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर रॉस टेलर ने द्वीप राष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक यात्रा की सराहना करते हुए इसे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक बड़ा क्षण बताया है. ऑकलैंड में एक हाई-प्रोफाइल खेल आयोजन के दौरान टेलर ने इस यात्रा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पिछले चार दशकों में यह पहली बार है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड की धरती पर कदम रखा है. पीएम मोदी ने इस दौरे के दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, रग्बी और ओलंपिक को लेकर अपनी बात रखी है.
टेलर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “पीएम मोदी का देश में होना वाकई बहुत बड़ी बात है। यह 40 से अधिक वर्षों में पहली बार है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड का दौरा किया है। यह दिखाता है कि वह न्यूजीलैंड के साथ संबंधों को महत्व देते हैं। हमारे पीएम लक्सन भी उनका स्वागत करके खुश हैं”. दिग्गज बल्लेबाज ने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देशों के बीच का रिश्ता केवल खेल के मैदान तक सीमित नहीं है. उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के आने से व्यापारिक समुदाय के लिए भी भारत के साथ जुड़ने का यह बेहतरीन मौका है.
खेलों ने कैसे बनाया दोनों देशों को करीब?
यह यात्रा “खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष” (100 Years of Unity Through Sport) के उत्सव के साथ हो रही है, जो 1926 में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के ऐतिहासिक न्यूजीलैंड दौरे से शुरू हुए संबंधों को याद करती है. इस विरासत को आधुनिक बनाने के लिए दोनों प्रधानमंत्रियों ने हाल ही में ‘भारत-न्यूजीलैंड स्पोर्ट्स जॉइंट एक्शन प्लान’ का स्वागत किया है, जिसका उद्देश्य स्पोर्ट्स साइंस, हाई-परफॉर्मेंस कोचिंग और स्पोर्ट्स बिजनेस में सहयोग बढ़ाना है.
क्या खेल कूटनीति भविष्य की नई राह है?
खेल कूटनीति की भूमिका पर टेलर ने कहा कि एथलेटिक्स संस्कृतियों के बीच एक अनूठे पुल का काम करता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत 2036 के ओलंपिक की मेजबानी हासिल करेगा. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड अपनी तकनीकी और नवाचार के माध्यम से अपना अनुभव साझा कर सकता है, जो उसने पिछले कई वर्षों में हासिल किया है.
क्रिकेट के आगे क्या है नया प्लान?
प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम लक्सन द्वारा आयोजित गाला लंच में इस प्रतिबद्धता को दोहराया कि अब साझेदारी क्रिकेट से आगे बढ़कर रग्बी जैसे खेलों तक पहुंच रही है. उन्होंने भुवनेश्वर में न्यूजीलैंड रग्बी द्वारा आयोजित हालिया कोचिंग कार्यक्रम को नए जॉइंट एक्शन प्लान के तहत एक सफल कदम बताया.


























































