नई दिल्ली।उत्तर प्रदेश मुरादाबाद फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर महिला के साथ 95 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में एक और आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है, जबकि इस मामले में एक महिला आरोपी जोकि मूल रूप से मणिपुर चंदेल की रहने वाली है.
वहीं महिला दिल्ली में अपने गैंग के साथ मिलकर लोगों के साथ साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देती रही है. उसको साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर पहले ही सलाखों के पीछे भेज दिया है.
एसपी क्राइम ब्रांच ने किया घटना का खुलासा
रविवार को एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने रिजर्व पुलिस लाइंस में प्रेस वार्ता कर पीड़ित महिला के साथ हुई साइबर ठगी की घटना का खुलासा किया है. एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना मुरादाबाद में 31 अगस्त को एक धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ था.
जिसमें एक महिला ने बताया था कि shaadi.com पर उसने एक आईडी बनाई थी, उसकी आईडी पर एक आरव सिंह नाम के व्यक्ति ने फोन किया. अपनी शादी के बारे में उससे बात की, उसने अपने आप को एनआरआई बताते हुए वहां से नौकरी कर रहा है और शादी की बात को आगे बढ़ाया. फिर उसने बताया कि एक पार्सल हम आपको भेज रहे हैं उसमें कीमती सामान है. शादी का गिफ्ट समझकर आप उसे रख लेना.
इस तरह महिला हुई ठगी का शिकार
महिला ने आगे बताया कि जब वह पार्सल यहां आता है तो यहां से एक फोन जाता है, कि पार्सल में कीमती सामान है जिसे कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है. पैसे देकर छुड़ा लीजिए. इसके बाद वह महिला पहले पैसे देती है.
उसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग के केस में फंसाने के लिए फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर एक महिला उससे बात करती है. इस तरह से 95 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी पीड़ित महिला के साथ हो जाती है.
31 अगस्त को मुकदमा पंजीकृत किया गया था, तभी से पुलिस काम कर रही थी और आज इस मामले में एक दूसरे आरोपी दिल्ली के उत्तम नगर के रहने वाले नवी पुत्र राजेश को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से एक लैपटाप, चार मोबाइल, 9 एटीएम कार्ड, 11 चैक बुक, 8 पासबुक, 1 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड बरामद किये है. जबकि इस मामले में एक महिला आरोपी कोनसम सुनीता, जो मणिपुर चंदेल की रहने वाली है,उसको साइबर क्राइम थाना पुलिस दिल्ली से पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है

























































