मोकी : भारत ने महिला हॉकी जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में भारत की टक्कर चीन से थी। उसके घर में जाकर भारत ने फाइनल को 1-0 से अपने नाम किया। मैच का एकमात्र गोल 17वें मिनट में माने ने किया। भारत ने साउथ कोरिया को हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी। वहीं चीन ने सेमीफाइनल में जापान को हराया था। इस जीत के साथ ही भारत ने महिला जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
भारतीय टीम के खिताब की हैट्रिक
भारतीय महिला टीम ने लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप का खिताब जीत लिया है। इससे पहले 2023 और 2024 में भी भारतीय टीम चैंपियन रही थी। साउथ कोरिया के पास सबसे ज्यादा 4 खिताब हैं तो चीन तीन बार चैंपियन बनी है। चीन को छठी बार टूर्नामेंट के फाइनल में हार झेलनी पड़ी है। 2024 में भी भारत ने चीन को ही हराकर खिताब अपने नाम किया था।
विजेता खिलाड़ियों को 3-3 लाख रुपये
हॉकी इंडिया ने विजेता खिलाड़ियों के साथ ही सपोर्ट स्टाफ के लिए प्राइज मनी का ऐलान किया है। विजेता टीम की हर खिलाड़ी को 3-3 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे।
भारत और चीन के बीच शुरुआती क्वार्टर में कड़ी टक्कर देखने को मिली और कोई गोल नहीं हो सका। इसके बाद मैच के 17वे मिनट में भारत के लिए पहला गोल सानिका ने दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। भारतीय टीम इस बढ़त को हाफ टाइम तक बरकरार रखने में कामयाब रहीं। भारत ने तीसरे क्वार्टर में भी अपनी मामूली बढ़त बनाए रखी और मेजबान टीम को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने आखिरी सीटी बजने तक अपनी बढ़त बनाए रखी और 1-0 से जीत हासिल करते हुए तीसरी बार एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की।

























































