नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहिल्यानगर में आयोजित सभा में शहरों के नाम बदले जाने का श्रेय बीजेपी को दिया। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। हमने छत्रपति शिवाजी महाराज के गौरव को फिर से जिंदा करने का काम किया है। बता दें कि महाराष्ट्र के दो प्रमुख शहरों औरंगाबाद और अहमदनगर का नाम बीजेपी सरकार ने बदलकर संभाजीनगर और अहिल्यानगर किया है।
इसी दौरान पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए गृहमंत्री ने कहा, ‘औरंगजेब के चेलों में इतना दम नहीं था कि वे मराठा शक्ति को झुका सकें। आज शिवाजी महाराज के अनुयायियों ने वही इतिहास दोहराया है शहरों के नाम अब उनकी विरासत के अनुसार रखे जा रहे हैं।’
अमित शाह ने पुरानी सरकारों पर बोला तीखा हमला
अमित शाह ने पूर्ववर्ती सरकारों और विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि शिवाजी के वंशजों ने शहर को सम्मान दिलाया है। औरंगजेब के चेलों में इतना दम कहां था कि वो नाम बदलते। ग-हमंत्री ने कहा, ‘औरंगजेब की विचारधारा को बढ़ावा देने वाले कभी जनता का दिल नहीं जीत सकते। यह संभाजीनगर है, और रहेगा। औरंगजेब के नाम पर कोई भी शहर इस देश में अब नहीं जाना जाएगा।’ शाह ने मंच से शिवाजी और संभाजी महाराज को नमन करते हुए कहा कि मराठा स्वाभिमान भारत की असली ताकत है।
विपक्ष पर साधा निशाना, मोदी सरकार की तारीफों के पुल बांधे
अहिल्यानदर में आयोजित सभा में उन्होंने विट्ठलराव पाटिल को उनके सहकारी आंदोलन में योगदान के लिए याद करते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया का पहला सहकारी शक्कर कारखाना स्थापित किया था। किसानों की सहायता की दिशा में यह अहम कदम था। उन्होंने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि किसानों को राहत देने के लिए दस हजार करोड़ रुपये से अधिक का इनकम टैक्स माफ किया गया है। केंद्र सरकार की पीएम किसान योजना समेत दूसरी योजनाओं से आज भारत के अन्नदाता लगातार तरक्की कर रहे हैं।

























































