नई दिल्ली. एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की बेदम पिटाई करने वाले टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने रैंकिंग में बड़ा तोहफा दिया है. बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने ताजा T20 रैंकिंग में करियर-बेस्ट पहला स्थान हासिल कर लिया है. अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन की बदौलत 884 रेटिंग अंक जुटाए, जो उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ है.
अभिषेक ने की थी शाहीन की धुलाई
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हाई-वोल्टेज मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने शाहीन अफरीदी पर धावा बोलते हुए आतिशी पारी खेली थी. उनकी बल्लेबाजी ने न सिर्फ मैच का रुख बदल दिया बल्कि यह भी साबित कर दिया कि मौजूदा समय में वे विश्व क्रिकेट के सबसे खतरनाक T20 बल्लेबाजों में शामिल हैं. उनकी इस धमाकेदार पारी का असर अब आईसीसी रैंकिंग पर साफ तौर पर देखा जा सकता है.
अभिषेक नंबर-1 टी20 बैटर
बल्लेबाजी रैंकिंग में फिलहाल अभिषेक शीर्ष पर काबिज हैं. उनके बाद इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे और कप्तान जोस बटलर तीसरे स्थान पर बने हुए हैं. वहीं, भारत के तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव को नुकसान झेलना पड़ा है. तिलक दो स्थान खिसककर चौथे पर पहुंच गए, जबकि सूर्या एक पायदान गिरकर सातवें पर आ गए हैं. उधर, युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने रैंकिंग में अच्छी छलांग लगाई है और वे अब 39वें स्थान पर हैं. शाहीन अफरीदी के खिलाफ उनके करारे शॉट्स को देखकर क्रिकेट जगत में हलचल मच गई थी. पाकिस्तान के धुरंधर गेंदबाज की जिस गेंदबाजी से बड़े-बड़े बल्लेबाज घबराते हैं, वहां अभिषेक ने बेखौफ खेल दिखाकर नया मानक तय किया. यही वजह है कि ICC रैंकिंग में उनकी यह छलांग क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.
हार्दिक ने बनाए रखी बादशाहत
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी भारत का दबदबा देखने को मिला है. टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने इस सूची में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है. हार्दिक की गेंद और बल्ले से उपयोगिता ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है. अभिषेक शर्मा के लिए यह सफलता खास मायने रखती है. कुछ ही साल पहले तक उन्हें घरेलू क्रिकेट तक सीमित समझा जाता था, लेकिन IPL में उनके लगातार प्रदर्शन और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौके का फायदा उठाने ने उनकी छवि बदल दी है. अब वे भारत के लिए T20 फॉर्मेट में सबसे भरोसेमंद चेहरा बनकर उभरे हैं.

























































