नई दिल्ली। मनोरंजन के लिहाज से जुलाई 2026 बॉक्स ऑफिस के लिए साल के सबसे बड़े महीनों में से एक बनने जा रहा है, क्योंकि इस महीने दर्शकों को पौराणिक कथा, एक्शन, सुपरहीरो, सामाजिक मुद्दों पर आधारित ड्रामा और फैमिली कॉमेडी जैसी अलग-अलग शैलियों की कई बड़ी फिल्में देखने को मिलेंगी. इनमें पैन-इंडिया एंटरटेनर्स से लेकर हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर तक सभी फिल्में शामिल होंगी. आइए जानते हैं जुलाई की उन पांच फिल्मों के बारे में, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है.
द इंडिया स्टोरी
रिलीज: 24 जुलाई 2026
महीने की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘द इंडिया स्टोरी’ देश में बढ़ती खाद्य मिलावट (फूड एडल्टरेशन) जैसे गंभीर मुद्दे को एक दमदार कोर्टरूम और सोशल ड्रामा के माध्यम से पेश करती है. चेतन डीके के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सागर शिंदे ने लिखा और प्रोड्यूस किया है. फिल्म में काजल अग्रवाल, श्रेयस तलपड़े, मुरली शर्मा और मनीष वाधवा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ होगी. सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषय और प्रभावशाली कहानी के साथ यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण चर्चा छेड़ने का भी प्रयास करती है.
नागबंधम
रिलीज: 3 जुलाई 2026
पौराणिक कथा, फैंटेसी और एडवेंचर का शानदार मेल पेश करती ‘नागबंधम’ दर्शकों को एक भव्य सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है. अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को निशिता नागिरेड्डी और किशोर अन्नापुरेड्डी ने निक स्टूडियोज़ और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म में विराट कर्णा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. हाल ही में रिलीज़ हुए ट्रेलर को शानदार प्रतिक्रिया मिली है, जिससे यह जुलाई की सबसे बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल हो गई है.
स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे
रिलीज: 31 जुलाई 2026
मार्वल का लोकप्रिय सुपरहीरो ‘स्पाइडर-मैन’ एक नए रोमांचक सफर के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहा है. शानदार एक्शन, भावनात्मक कहानी और बेहतरीन विजुअल इफेक्ट्स के लिए मशहूर यह फ्रेंचाइजी दुनियाभर के दर्शकों की पसंद रही है. ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ जुलाई की सबसे बड़ी हॉलीवुड रिलीज में से एक मानी जा रही है और हर उम्र के दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की पूरी क्षमता रखती है.
अल्फा
रिलीज: 3 जुलाई 2026
यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित फिल्म ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट और शरवरी दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगी, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे. शिव रवैल के निर्देशन और आदित्य चोपड़ा के निर्माण में बनी यह स्पाई थ्रिलर अपने बड़े पैमाने पर हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस और रोमांचक कहानी के दम पर भारतीय एक्शन सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की उम्मीद जगाती है.
धमाल 4
रिलीज: 10 जुलाई 2026
लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ एक बार फिर हंसी और मनोरंजन का जबरदस्त डोज लेकर लौट रही है. इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी ‘धमाल 4’ को अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा सहित कई कलाकार नजर आएंगे. कॉमेडी, एडवेंचर और फैमिली एंटरटेनमेंट से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को एक बार फिर ठहाके लगाने पर मजबूर करने के लिए तैयार है.





























































