नई दिल्ली। बहुत से लोगों की अक्सर यह शिकायत रहती है कि लगातार कोशिश करने के बावजूद उनके पैसे नहीं बचते हैं। कुछ लोगों का तो यहां तक कहना होता है कि अच्छी खासी कमाई और मनी मैनेजमेंट की कोशिशों के बाद भी उनके पास पैसे नहीं बचते। अगर आपको लगता है कि कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन पैसा हाथ में टिकता नहीं तो आपको वास्तु के कुछ उपाय जरूर करने चाहिए। पैसों के नहीं बचने के पीछे सिर्फ खर्च करने की आदत ही नहीं, घर की ऊर्जा और वास्तु दोष भी बड़ी वजह हो सकती है।
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में कुछ छोटे-छोटे उपाय अपनाने से आर्थिक स्थिरता आती है। इसके अलावा, धन की बचत और वृद्धि भी होने लगती है। वास्तु में बदलाव घर में पॉजिटिव एनर्जी लेकर आता है और आपके फैसले सही दिशा में होने लगते हैं। आइए जानें वो तीन खास वास्तु टिप्स जो आपकी सेविंग बढ़ाने में मदद करेंगे।
घर में उत्तर दिशा रखें साफ-सुथरी
वास्तु के अनुसार, उत्तर दिशा को धन और समृद्धि की दिशा माना जाता है। इसलिए इस दिशा को हमेशा साफ-सुथरा और सुंदर रखने की कोशिश करनी चाहिए। इस दिशा में अव्यवस्था या गंदगी होने से धन का प्रवाह रुक सकता है। कोशिश करें कि यहां कोई भारी सामान या टूटा फर्नीचर न रखें।
घर के उत्तर-पूर्व में रखें जल तत्व
अगर घर में फिश एक्वेरियम या पानी का फव्वारा है, तो उसे उत्तर-पूर्व दिशा में रखें। यह दिशा पॉजिटिव एनर्जी और धन वृद्धि का प्रतीक है। अगर घर में फव्वारा, कोई छोटा पानी का कुंड या एक्वेरियम है तो कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। इसका ध्यान रखें कि पानी हमेशा साफ और गतिशील रहे। रुका हुआ या गंदा पानी नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है।
दक्षिण पूर्व दिशा में मनी प्लांट लगाएं
वास्तु के अनुसार दक्षिण-पूर्व को अग्नि कोण कहा जाता है, जिसका संबंध पैसे और आर्थिक तरक्की से होता है। इस दिशा में मनी प्लांट या तुलसी का पौधा लगाने से घर में धन की वृद्धि होती है और सेविंग होती है। सूखे या मुरझाए पौधे को तुरंत हटा दें, वरना इसका उल्टा असर हो सकता है।
वास्तु उपाय से होने लगेगी पैसों की बचत
इन तीन आसान वास्तु उपायों को अपनाने से आपके घर में न केवल पैसे का प्रवाह बेहतर होगा, बल्कि सेविंग और आर्थिक स्थिरता भी बनी रहेगी। वास्तु शास्त्र में ऐसी मान्यता है कि जहां संतुलन और स्वच्छता होती है, वहीं लक्ष्मी निवास करती हैं। पैसे कमाने के साथ ही उन्हें बचाना भी जरूरी होता है, क्योंकि मुश्किल वक्त में बचाए हुए पैसे ही काम आते हैं।

























































