नई दिल्ली। हमारे शरीर का 70 प्रतिशत हिस्सा पानी से बना हुआ है। ऐसे में ये कहना सही होगा कि हेल्दी रहने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत अहम है। लेकिन क्या सिर्फ इतना काफी है? इस बारे में जानी-मानी हेल्थ एक्सपर्ट डॉ शालिनी सिंह सालुंके एक पोस्ट के जरिए बताती हैं कि पानी सही मात्रा में पीना जरूरी है, लेकिन उससे भी कहीं जरूरी है पानी को ठीक से पीना। 90% लोग यहीं गलती करते हैं। डॉक्टर कहती हैं कि कई बार लोग 5 से 6 लीटर तक पानी पीते हैं, लेकिन वो पानी उनकी कोशिकाओं तक पहुंच नहीं पाता। यही वजह है कि पर्याप्त पानी पीने के बाद भी पानी की कमी के लक्षण जैसे थकान, कमजोरी, किडनी स्टोन वगैरह दिखाई देते हैं। ऐसे में डॉक्टर पानी पीने के ये 5 नियम अपनाने की सलाह देती हैं।
पानी पीने के ये 5 नियम आपको रखेंगे हेल्दी
नियम 1- सुबह उठते ही गुनगुना पानी पीएं
डॉ शालिनी कहती हैं कि आपको सुबह उठते ही दो गिलास गुनगुना पानी जरूर पीना चाहिए। रातभर बिना पानी के रहने की वजह से हमारी बॉडी डिहाइड्रेट हो जाती है, ऐसे में उठते ही पानी पीना काफी फायदेमंद हो सकता है। इससे आपका पाचन भी बेहतर होता है और मेटाबॉलिज्म बूस्ट होने में भी मदद मिलती है।
नियम 2- हमेशा धीरे-धीरे पीना चाहिए पानी
डॉक्टर कहती हैं कि पानी पीते हुए कभी भी जल्दीबाजी नहीं करनी चाहिए। पानी हमेशा आराम से घूंट भर-भर के पीना चाहिए। ऐसा करने से शरीर पानी को बेहतर तरीके से एब्जॉर्ब कर पाता है, जिससे कोशिकाओं तक पर्याप्त हाइड्रेशन पहुंचने में मदद मिलती है।
नियम 3- हमेशा बैठकर पीना चाहिए पानी
डॉ शालिनी के मुताबिक पानी हमेशा आराम से बैठकर पीना चाहिए। चलते-फिरते या खड़े हो कर पानी पीने की आदत सही नहीं मानी जाती है। दरअसल जब हम बैठकर आराम से पानी पीते हैं, तो शरीर उसे बेहतर अवशोषित कर पाता है। आयुर्वेद में भी पानी को बैठकर आराम से पीने की सलाह दी गई है।
नियम 4- खाना खाने के बाद ना पीएं पानी
खाना खाने के तुरंत बाद पानी पीने की आदत सही नहीं मानी जाती है। डॉक्टर सलाह देती हैं कि खाने के बाद कम से कम एक घंटे वेट करें और उसके बाद ही पानी पीएं। इससे पाचन प्रक्रिया सामान्य रूप से काम करने में मदद मिलती है।
नियम 5- नियमित अंतराल पर पानी पीने की आदत बनाएं
डॉ शालिनी कहती हैं कि दिनभर में पर्याप्त पानी पीना बहुत जरूरी है। इसलिए सुबह से शाम तक हर घंटे एक गिलास पानी पीते रहने की आदत बनाएं। कई लोग तेज प्यास लगने का इंतजार करते हैं, जब तक शरीर में पानी की कमी शुरू हो सकती है। इसलिए ये नियम अपनाना शरीर के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।

























































