नई दिल्ली: दुनिया में हथियारों की दौड़ लगातार तेज़ हो रही है, लेकिन कुछ देश ऐसे भी हैं जो बिना भारी सैन्य खर्च के भी सबसे सुरक्षित माने जाते हैं. ये देश साबित करते हैं कि सुरक्षा सिर्फ हथियारों से नहीं, बल्कि मजबूत सामाजिक ढांचे, शांतिपूर्ण नीतियों और लोगों के बीच आपसी विश्वास से भी आती है. आइए जानते हैं कि दुनिया के वे 5 देश कौन से हैं, जो कम बजट के बावजूद दुनिया के सबसे शांतिपूर्ण और सुरक्षित देश बने हुए हैं.
आइसलैंड
आइसलैंड दुनिया का वह अनोखा देश है, जहां सेना न के बराबर है और कुल सालाना रक्षा बजट भी महज 40 मिलियन डॉलर है. इसके बावजूद यह दुनिया के सबसे शांतिपूर्ण देशों में पहले नंबर पर है. बर्फीली पहाड़ियों और दूरदराज की भौगोलिक स्थिति ने इसे संघर्षों से दूर रखा है. यहां पर अपराध दर इतनी कम है कि कई शहरों में लोग अपने घरों के दरवाजे तक बंद नहीं करते. यहां हथियारों से ज्यादा इंसानी रिश्तों और कानून पर भरोसा किया जाता है.
आयरलैंड
यूरोपीय देश आयरलैंड में रक्षा खर्च मामूली है. वहां पर सालाना रक्षा बजट करीब 1.3 बिलियन डॉलर है, जो कि उसके GDP का सिर्फ 0.3% है. यह देश दशकों से तटस्थता की नीति पर चलता आया है. इसका मतलब है कि यह किसी भी सैन्य गठजोड़ से दूर रहता है और संघर्षों में शामिल नहीं होता. इसकी सुरक्षा का आधार शांतिपूर्ण कूटनीति और बेहद मजबूत पुलिस व्यवस्था है. यही वजह है कि आयरलैंड में हिंसा के मामले बेहद कम और सामाजिक अशांति लगभग न के बराबर है.
न्यूजीलैंड
न्यूज़ीलैंड का डिफेंस बजट लगभग 3.9 बिलियन डॉलर है, जो कि उसके GDP का 1% से भी कम है. प्रशांत महासागर में बसे इस देश की सीमा किसी ओर से नहीं मिलती है. उसकी यह भौगोलिक स्थिति उसे स्वाभाविक सुरक्षा देती है, लेकिन उसकी असली ताकत सरकार की पारदर्शिता, न्याय व्यवस्था की मजबूती और समाज का समावेशी स्वभाव है. वहां पर लोगों का सरकार पर भरोसा बेहद ऊंचा है, जिससे उसका रक्षा खर्च अपने आप कम हो जाता है.
ऑस्ट्रिया
ऑस्ट्रिया भी उन देशों में शामिल है, जो अपनी रक्षा पर बेहद कम खर्च के लिए जाने जाते हैं. वहां पर सालाना डिफेंस बजट महज 3.4 बिलियन डॉलर है, जो कि उसकी GDP का छोटा सा हिस्सा मात्र है. इसके बावजूद यह दुनिया का चौथा सबसे सुरक्षित देश है. इसका राज है ऑस्ट्रिया की तटस्थता की नीति, कड़ा बॉर्डर कंट्रोल सिस्टम और समाज में सभी को बराबरी का दर्जा. इसकी वजह से सरकार को अपनी रक्षा पर ज्यादा खर्च करने की जरूर नहीं पड़ती है.
सिंगापुर
सिंगापुर का रक्षा बजट भी बड़े देशों के मुकाबले काफी कम है. वह अपनी सुरक्षा पर सालाना करीब 11.5 बिलियन डॉलर खर्च करता है, जोकि उसके GDP का सिर्फ 2.8% है. सिंगापुर कम बजट में भी दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में एक है. इसकी वजह वहां पर कम्युनिटी पुलिसिंग, अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति और सख्त निगरानी व्यवस्था. यहां अपराध सिर्फ कम नहीं, बल्कि लगभग खत्म है. यही कारण है कि यह देश पर्यटकों और नागरिकों दोनों के लिए बेहद सुरक्षित माना जाता है.

























































