नई दिल्ली। आकाश कुमार चौधरी ने रविवार को फर्स्ट क्लास क्रिकेट इतिहास रच दिया. आकाश प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस दौरान फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक का सबसे तेज अर्धशतक भी बनाया.आकाश मेघालय की ओर से रणजी ट्रॉफी में खेल रहे हैं. मेघालय की टीम रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच में अरुणाचल प्रदेश के सामने है. आकाश ओवरऑल 8 गेंदों पर लगातार आठ छक्के जड़कर क्रिकेट में वो कारनामा कर दिखाया जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था.
आकाश कुमार (Akash Kumar) ने यह उपलब्धि रणजी ट्रॉफी में मेघालय के प्लेट ग्रुप मैच के दूसरे दिन अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सूरत में हासिल की. उन्होंने मेघालय की पारी के 126वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर लिमर डाबी की गेंदों पर छह छक्के जड़े और वह खास क्लब में शामिल हो गए. इस खास क्लब में इससे पहले सिर्फ रवि शास्त्री और गैरी सोबर्स ही शामिल थे. दक्षिण अफ्रीका के माइक प्रॉक्टर ने भी लगातार छह छक्के लगाए हैं लेकिन उन्होंने ये छक्के दो ओवरों में जड़े.
आकाश आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे. उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत एक डॉट और दो सिंगल के साथ की. लेकिन अगली आठ गेंदों पर उन्होंने छह छक्के जड़ दिए.आकाश ने केवल 11 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. आकाश प्रथमश्रेणी क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले, लीसेस्टरशायर के वेन नाइट ने 2012 में 12 गेंदों पर 50 रन बनाए थे, जबकि क्लाइव इनमैन ने 1965 में सिर्फ 13 गेंदों पर अपना अर्धशतक बनाया था.
गेंदों का सामना करने के मामले में आकाश ने सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया, लेकिन समय के हिसाब से सबसे तेज अर्धशतक बनाने वालों की सूची में वह दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने में नौ मिनट का समय लिया, जबकि इनमैन को केवल आठ मिनट लगे थे. 25 वर्षीय आकाश ने 2019 में पदार्पण करने के बाद से 30 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 14.37 की औसत से 503 रन बनाए हैं.

























































