भुवनेश्वर। कटक चौद्वार जेल से फरार हुए दो दुर्दांत अपराधियों की जानकारी देने पर पुलिस ने 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही लापरवाही बरतने वाले वार्डर सिद्धांत साहू और चीफ वार्डर भगतराम को पुलिस डीजी वाईबी खुरानिया ने निलंबित कर दिया है। आज यह जानकारी कमिश्नरेट पुलिस ने दी है।
कटक डीसीपी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से इसकी घोषणा की। पुलिस की ओर से यह भी कहा गया है कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
जेल से कैदियों के फरार होने पर कानून मंत्री विश्व भूषण ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस विभाग और जेल विभाग ने आवश्यक कदम उठाए हैं।
जेल डीजी और डीआईजी सेंट्रल को गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस इस मामले में सक्रियता दिखा रही है और बहुत जल्द दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। साथ ही, इस घटना में शामिल और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
दोनों अपराधियों के संबंध में सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम मिलेगा और उनका नाम गुप्त रखा जाएगा। कमिश्नरेट पुलिस ने इंटरनेट मीडिया के जरिए यह घोषणा की।
गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब एक बजे बिहार के दो अपराधी जिला बेगुसराय, थाना मुफस्सिल, पोस्ट सुहिर्द नगर, गांव लोहिया नगर के महेश साहनी के बेटे शुभम साहनी (राजा साहनी) तथा जिला सारण, थाना गौर, पोस्ट नगरा, गांव रामपुर के राजेंद्र सिंह के बेटे मधुकांत सिंह चौद्वार जेल की सेल काटकर फरार हो गए थे।

























































