लखनऊ। उप्र विधान परिषद के खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए चुनाव का शोर बुधवार शाम थम गया. एमएलसी का 23 अक्टूबर को मतदान होगा. आगरा और गोरखपुर में सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
आगरा पोलिंग पार्टियों की रवानगी
पोलिंग पार्टियों की रवानगी: आगरा में सुरक्षा बलों के साथ 12 जिलों में मतदाता के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो गई है. आगरा खंड स्नातक क्षेत्र के लिए 12 जिलों में 262 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जबकि, आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 150 मतदान केंद्रों पर वोट पड़ेंगे. चुनाव की पूरी तैयारी पुलिस और प्रशासन ने कर ली है.
12 जिलों में डाले जाएंगे वोट
इन 12 जिलों में डाले जाएंगे वोट: आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, एटा, अलीगढ़, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया में वोट डाले जाएंगे.आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि मदतान के साथ ही मतगणना की तैयारी चल रही है. मंगलवार और बुधवार को 570 मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया गया. जिसमें मतगणना की प्रक्रिया और सावधानियों की जानकारी दी गई. मास्टर ट्रेनर ने पीपीटी और डेमो प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतपेटियां खोलने, मतपत्रों की संवीक्षा व वैध-अवैध मतों की पहचान की प्रक्रिया समझाई है. जिससे मतगणना सकुशल कराई जा सके.
गोरखपुर में कैसी है व्यवस्था: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के तहत 23 अक्टूबर 2026 को गोरखपुर जिला समेत 17 जिलों में मतदान होगा. इसके लिए नगर निगम क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं. रिटर्निंग ऑफिसर मंडल आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मतदान केंद्रों और उनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों का विवरण जारी करते हुए संबंधित विद्यालयों के शिक्षक मतदाताओं को अपने निर्धारित मतदान केंद्र की जानकारी रखने को कहा है. चुनाव में कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं और करीब 54000 मतदाता उनके भाग्य का फैसला करेंगे.
गोरखपुर में पोलिंग पार्टियां रवाना
मतदान केंद्र की जानकारी: जिले में पीपीगंज और कैंपियरगंज क्षेत्र के लिए बापू इंटर कॉलेज, पीपीगंज तथा क्षेत्र पंचायत कार्यालय, कैंपियरगंज को मतदान केंद्र बनाया गया है. बापू इंटर कॉलेज में जंगल कौड़िया, भरोहिया और नगर पंचायत पीपीगंज के अंतर्गत आने वाले संबंधित विद्यालयों के शिक्षक मतदान करेंगे. वहीं, कैंपियरगंज स्थित मतदान केंद्र पर कैंपियरगंज और चौमुखा उर्फ कैंपियरगंज क्षेत्र के संबंधित विद्यालयों के शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
नगर निगम क्षेत्र में कई मतदान केंद्र बनाए गए हैं. डीएवी इंटर कॉलेज, दीवान बाजार में इलाहीबाग, पिपरापुर, बहरामपुर, दाउदचक, नरसिंहपुर, भरपुरवा, कल्याणपुर, अबू बाजार, इस्लामचक, गाजीरौजा, घासीकटरा, रहमतनगर, गुंडेरीचक, मिर्जापुर, निजामपुर, जफरा बाजार, रुद्रपुर, अलीनगर उत्तरी, हजारीपुर, नियामतचक, अलीनगर, हुमायूंपुर दक्षिणी और जटेपुर दक्षिणी के संबंधित विद्यालयों के शिक्षक मतदान करेंगे.
गोरखपुर में तैयारी पूरी
प्रयागराज में तैयारी पूरी: इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिष्ठित एमएलसी चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां अपने अंतिम मुकाम पर पहुंच गई हैं. सोमवार सुबह मुंडेरा मंडी स्थित केंद्रीय निर्वाचन परिसर से मतदान कार्मिकों की टोलियां पूरी सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक चुनावी सामग्री के साथ अपने-अपने आवंटित बूथों के लिए रवाना हो गईं. 10 जिलों में फैले इस विशाल निर्वाचन क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े चक्रव्यूह तैयार किए हैं.
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आचार संहिता का उल्लंघन या मतदान में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय कर दिया गया है. पोलिंग पार्टियों के शाम तक संबंधित बूथों पर सुरक्षित पहुंचने और मोर्चा संभालने की उम्मीद है, ताकि सुबह नियत समय पर बिना किसी बाधा के मतदान शुरू कराया जा सके.
मैनपुरी में तैयारी पूरी: स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान सामग्री उपलब्ध कराकर 25 पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जिले में स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 12 मतदान केंद्रों पर कुल 25 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाह ने बताया कि जिले के 10 थाना क्षेत्रों में स्थित 12 मतदान केंद्रों और 25 बूथों पर मतदान संपन्न कराया जाएगा. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को छह जोन में विभाजित किया गया है, जिनमें क्षेत्राधिकारी स्तर के पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे. सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग पहले ही की जा चुकी है. प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ पर्याप्त पुलिस बल भेजा गया है, जबकि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
मुरादाबाद में कैसी है तैयारी: बरेली- मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन (एमएलसी) चुनाव को लेकर मुरादाबाद में जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आज सुबह मुरादाबाद के कांठ रोड स्थित निर्वाचन कार्यालय से पाॅलिंग पार्टियों की रवानगी की शुरू कर दी गई.
एडीएम प्रशासन प्रफुल्ल त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि कल होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है. पोलिंग पार्टियों के लिए खाने पीने और रहने के उचित प्रबंध किए गए हैं इसके अलावा मतदान केंद्रों पर पानी और अन्य जरूरी चीजों की आपूर्ति के लिए निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि मुरादाबाद के 12 मतदान केंद्रों पर 12 पोलिंग पार्टियां भेजी गई है कल होने वाले मतदान में 7696 शिक्षक मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे.
मुरादाबाद में जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी
बलरामपुर का क्या हाल है: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व सेमी फाइनल माना जाने वाला शिक्षक स्नातक चुनाव के लिए कल होने वाले मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव के लिए माइक्रो आब्जर्वर लगाये है. मतदान के लिए जनपद में कुल 10 मतदान बूथ बनाए गए हैं. नगर क्षेत्र में एमपीपी इंटर कॉलेज में दो मतदान बूथ तथा तुलसीपुर में स्वतंत्र इंटर कॉलेज में एक मतदान बूथ स्थापित किया गया है. शेष सात मतदान बूथ जनपद के सभी विकासखंडों के सभागारों में बनाए गए हैं.
जिलाधिकारी विपिन जैन ने बताया कि शिक्षक निर्वाचन में मतदान मतपत्र एवं मतपेटिका के माध्यम से कराया जाएगा. आज कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. पोलिंग पार्टियों को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस अभिरक्षा के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा. पोलिंग पार्टियां रात्रि में अपने-अपने मतदान केंद्रों पर रुकेंगी और मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटिकाओं के साथ कलेक्ट्रेट लौटेंगी.
बलरामपुर में प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव के लिए माइक्रो आब्जर्वर लगाये
कासगंज में तैयारी पूरी: जिले में 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. कासगंज जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 9,925 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वहीं शिक्षक निर्वाचन के लिए 8 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और इनमें 1,291 मतदाता पंजीकृत हैं.
इस तरह जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के कुल 11,216 मतदाता मतदान करेंगे. अधिकारियों ने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. प्रशासन ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है.
कासगंज में तैयारी पूरी
एटा में सुरक्षा चाक चौबंद: स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एटा में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है. मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अराजकता, अव्यवस्था और गलत मतदान की आशंका को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. इसके साथ ही विभिन्न क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई हैं, जो जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालेंगी.
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जिले में मतदान केंद्रों वाले सभी आठ थाना क्षेत्रों में संबंधित थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया है. सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस की टीमें मतदान केंद्रों के बाहर भी चेकिंग करेंगी, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके. मतदान केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि बिना पहचान वाला कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश न कर सके. चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
इस बार पांच सीटें स्नातक की हैं और छह सीटें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की हैं. जिसमें छह पर सपा और पांच पर भाजपा का कब्जा है.






















































