नई दिल्ली। भारत के दो महान दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं. उम्मीद यही की जा रही है कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 के बाद कोहली और रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट से खुद को अलग कर लेंगे. ऐसे में अब सवाल उठता है कि क्या रोहित और कोहली की जगह कोई दूसरा खिलाड़ी टीम इंडिया में ले सकता है.
इस सवाल पर हाल ही में चीफ सिलेक्टर बने पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने अपने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है. शुभंकर मिश्रा के एक पॉडकास्ट में प्रज्ञान ओझा ने उन दो खिलाड़ियों के बारे में बात की थी जिसे वो विराट कोहली और रोहित शर्मा का संभावित उत्तराधिकारी मानते हैं. चीफ सिलेक्टर प्रज्ञान ओझा ने ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल को कोहली और रोहित का संभावित उत्तराधिकारी करार दिया था.
प्रज्ञान ओझा ने पॉडकास्ट में खासकर पंत को लेकर कहा था कि, “जब एक खिलाड़ी ग्रो हो रहा है .. मैं पंत को किसी के साथ तुलना नहीं करता हूं, इंडिविजुअल मैं उसकी बात कर रहा हूं मैं मानता हूं जब आप टेस्ट क्रिकेट में ग्रो हो रहे होते हैं ना तो आपको ओवरऑल आपका क्रिकेट परफॉर्मेंस बढ़ाना होता है. आपकी मैच्योरिटी भी बढ़ रही होती है क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में बहुत सारे अलग-अलग चैलेंज होते हैं, वहां से आपको ओवरऑल क्रिकेट का समझ आता है” .
ओझा ने ये भी कहा, “कहीं न कहीं वह जिस तरह से खेलते हैं, हमने उन्हें आईपीएल में खेलते हुए देखा है. रन बनाते हुए देखा है, मैच बनाते हुए देखा है. वह आगे करेंगे. हमें उन्हें एक दो साल देखना पड़ेगा. मुझे पूरी उम्मीद है कि वह करेंगे, बहुत सारे ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जो शुरुआत में ज्यादा सफल नहीं रहे थे. लेकिन इसके बाद जिस तरह से वो ग्रो करते हैं. वह असाधारण रहता है. उदाहरण के लिए आप देखिए मार्वन अटापट्टू, जब वो आए थे कोई खास नहीं कर पाए थे लेकिन बाद में उन्होंने पूरी तरह से छा गए थे. जब मार्वन अटापट्टू आए थे, तब मैं उनके बारे में कहता कि वह श्रीलंका के कप्तान बनेंगे तो आप मेरे पर विश्वास नहीं करते”.
नए चयनकर्ता प्रज्ञान ने अपनी बात आगे ले जाते हुए पंत को सपोर्ट करने की बात की थी. उन्होंने इंटरव्यू में कहा था, “देखिए हर चीज में बैक करना जरूरी है जो सफर से वो गुजर के आ रहे हैं जिस तरीके का उनका था एक डेढ़ साल ..उनको बैक किया, उनको सपोर्ट किया. सही समय पर सही सपोर्ट मिलना सही आदमी को बहुत जरूरी होता है और अब ऋषभ इस बात को समझ रहे हैं.”






















































