नई दिल्ली। भले केबल और डीटीएच के ग्राहक घरों में लगातार घट रहे हैं लेकिन टीवी चैनल हर कोई देखना चाहता है। मजेदार बात ये है कि आज के डिजिटल दौर में एक-दो नहीं बल्कि पूरे 5 ऑप्शन ऐसे हैं, जिनकी मदद से आप बिना केबल या डीटीएच कनेक्शन के टीवी चैनल देख सकते हैं। इससे आपके मंथली रिचार्ज का खर्चा तो बचता ही है और साथ ही अलग से खास चैनल्स खरीदने नहीं पड़ते।
बिना डीटीएच या केबल कनेक्शन के आप फ्री सरकारी प्लेटफॉर्म्स से लेकर स्ट्रीमिंग ऐप्स-डिवाइसेज और अपने फोन तक का इस्तेमाल करके मुफ्त में टीवी चैनल देख सकते हैं।
OTT ऐप्स पर लाइव टीवी चैनल
अगर आपके पास अलग-अलग OTT ऐप्स का सब्सक्रिप्शन है, तो आपको अलग से केबल या डीटीएच के लिए पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं है। खास बात है कि आजकल हर मोबाइल रिचार्ज के साथ कई OTT प्लेटफॉर्म्स का सब्सक्रिप्शन मुफ्त में मिल जाता है। इसकी मदद से आप उन ऐप्स द्वारा सपोर्ट किए जाने वाले चैनल्स को फ्री में स्ट्रीम कर सकते हैं।
स्ट्रीमिंग डिवाइस और स्मार्ट टीवी के जरिए देखें
अगर आपके पास स्मार्ट टीवी है या कोई स्ट्रीमिंग डिवाइस है जैसे कि Fire TV Stick या Android TV Box तो बिना केबल या डीटीएच के टीवी देखा जा सकता है। स्मार्ट टीवी पर Samsung TV Plus, Xiaomi PatchWall जैसे प्लेटफॉर्म्स पर दर्जनों FAST चैनल्स पहले से मुफ्त मिलते हैं। इसी तरह Amazon की FireTV Stick भी आपको मुफ्त टीवी चैनल देखने का फीचर देती है।
इसके अलावा अगर आपके पास OTT ऐप्स का सब्सक्रिप्शन भी है और आपने टीवी में उन ऐप्स में लॉगइन किया हुआ है, तो ये स्मार्ट टीवी और स्ट्रीमिंग डिवाइस आपको एक ही जगह पर तमाम ऐप्स के चैनल्स को फेच करके दिखा देते हैं। इससे आपको अलग-अलग ऐप्स पर जाकर चैनल तलाशने की जरूरत नहीं रहती।
WiFi कंपनियों के फ्री ऑफर
अगर आप घर में WiFi का इस्तेमाल करते हैं, तो संभव है कि उस कंपनी का कोई प्लान ऐसा भी हो, जिसके साथ आपको फ्री टीवी चैनल देखने को मिल जाएं। JioFiber, Airtel Xstream Fiber और ACT Fibernet जैसी कंपनियां 599 रुपये और उससे ऊपर के मंथली प्लान्स में बंडल के तौर पर टीवी चैनल्स मुफ्त दे देती हैं।
इन ऑफर्स के तहत ग्राहकों को बिना एक्स्ट्रा चार्ज के 4K स्मार्ट सेट-टॉप बॉक्स या स्ट्रीमिंग स्टिक मिलती है। इसके जरिए इंटरनेट की मदद से ही अलग-अलग चैनल देखे जा सकते हैं। Jio जैसी कंपनियां एक कनेक्शन के साथ दो टीवी पर फ्री चैनल्स देखने की सुविधा भी देती है।
फोन से करें कास्ट
अगर आपके पास अलग से कोई सेट-टॉप बॉक्स या डीटीएच नहीं है, तो आपका स्मार्टफोन ही रिमोट और केबल ऑपरेटर दोनों का काम कर सकता है। दरअसल आजकल के हर स्मार्ट टीवी में कास्ट या मिररिंग का फीचर मिल जाता है। इसकी मदद से आप अपने फोन की स्क्रीन को टीवी पर कास्ट कर सकते हैं।
इसके बाद आप फोन पर JioCinema, Disney+ Hotstar, Zee5 या यूट्यूब पर कोई भी लाइव न्यूज, स्पोर्ट्स या धारावाहिक चलाकर कास्ट का आइकन दबा सकते हैं और बहुत आसानी से मुफ्त में टीवी चैनल देख सकते हैं।
फ्री सरकारी ऑप्शन भी उपलब्ध
इनके अलावा आप डीडी फ्री डिश की मदद से भी मुफ्त में फ्री चैनल देख सकते हैं। यह प्रसार भारती द्वारा संचालित देश की सबसे बड़ी फ्री-टू-एयर DTH सेवा है। इसमें सिर्फ एक बार छोटी डिश छतरी और सेट-टॉप बॉक्स लगाना होता है। इसके बाद दूरदर्शन, प्रमुख निजी न्यूज, मूवीज, संगीत और क्षेत्रीय भाषाओं के 100 से ज्यादा चैनल जीवनभर मुफ्त मिलते हैं।

























































