नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष का प्रदर्शन जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) भी अलग मोर्चा बनाकर लड़ाई लड़ रही है। इस सबके बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी सड़कों पर उतरने का ऐलान कर दिया है। केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी अगले हफ्ते से एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस दौरान कांग्रेस द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देगी।
भाजपा इस दौरान तथ्य रखने की कोशिश करेगी जिससे कि SIR और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों और आरोपों का जवाब दिया जा सके। इस अभियान के दौरान पार्टी के सांसदों, विधायकों और अन्य वरिष्ठ नेताओं को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
24 पन्नों का दस्तावेज तैयार
न्यूज एजेंसी एएनआई ने भाजपा के शीर्ष सूत्रों के हवाले से कहा कि, भाजपा 24 पन्नों का एक विस्तृत दस्तावेज तैयार कर रही है। इसमें विपक्ष के सवालों और आरोपों के जवाब दिए गए हैं। उम्मीद है कि जनता को समझाने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए यह दस्तावेज की तरह काम करेगा। इसे सोशल मीडिया के जरिए भी चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जा सके और इस मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखा जा सके।
कांग्रेस के शासनकाल का भी होगा जिक्र
विपक्ष के मौजूदा आरोपों का जवाब देने के अलावा भाजपा उन घटनाओं को भी उजागर करने की योजना बना रही है, जिनमें आरोप है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं का दुरुपयोग किया था। पार्टी इन उदाहरणों का इस्तेमाल कांग्रेस की आलोचना का जवाब देने और जनता के सामने अपना पक्ष रखने के लिए करेगी।
राजनाथ ने भी कांग्रेस को खूब सुनाया
आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, ”ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस और उसके राजनीतिक सहयोगी प्रत्यक्ष रूप से और अपने समर्थक संगठनों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने के बजाय राजनीतिक टकराव और अराजकता फैलाने का साधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है।
बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन चाहता है विपक्ष: राजनाथ
राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ” प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर कहते हैं कि उन्होंने सत्ता परिवर्तन के लिए बांग्लादेश से प्रेरणा ली तो दूसरा डंके की चोट पर सरकार को गिराने की बात करता है। यह स्पष्ट करता है कि इनका एक मात्र एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में आग लगाना है।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘सत्ता परिवर्तन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि यह उनकी लड़ाई चुनाव सुधार या मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुद्दों के लिए नहीं है।





















































