नई दिल्ली। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट एक ऐसा फॉर्मेट जिसे लंबे समय तक बल्लेबाजों का खेल माना जाता रहा. जहां हर गेंद पर बाउंड्री की उम्मीद होती है और गेंदबाजों के पास गलती की गुंजाइश न के बराबर होती है. चार ओवर का कोटा यानी महज 24 गेंदें. इस सीमित और बेहद दबाव भरे खेल में अगर कोई गेंदबाज हजारों गेंदें फेंक दे, तो यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उसके अनुशासन, फिटनेस और क्रिकेट के प्रति उसके अटूट समर्पण की कहानी बयां करता है.
इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा गेंदें फेंकने का रिकॉर्ड किसी भी गेंदबाज के लिए बड़ी उपलब्धि है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास के उन पांच गेंदबाजों के बारे में जानते हैं जिन्होंने इस तूफानी सफर में अपनी गेंदबाज़ी का लोहा मनवाया है और इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा गेंदें फेंकने का कीर्तिमान अपने नाम दर्ज किया है.
इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद (Adil Rashid) ने साल 2009 में अपने T20I करियर की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक वह टीम के सबसे भरोसेमंद हथियार बने हुए हैं. रशीद के नाम T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 3130 गेंदें (521.4 ओवर) फेंकने का महारिकॉर्ड दर्ज है. अपने 150 मैचों और 143 पारियों में उन्होंने 5 मेडन ओवरों की मदद से 3936 रन देकर 169 विकेट चटकाए हैं. 7.54 की किफायती इकॉनमी और 23.28 की औसत से गेंदबाजी करने वाले रशीद का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2 रन देकर 4 विकेट रहा है. रशीद का यह सफर दिखाता है कि स्पिन के जादू से कैसे बल्लेबाजों को लंबे समय तक बांधकर रखा जा सकता है.
मिचेल सेंटनर कसी हुई गेंदबाजी की मिसाल
न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर (Mitchell Santner) अपनी कसी हुई लाइन और लेंथ के लिए जाने जाते हैं. 2015 में डेब्यू करने वाले सेंटनर ने 138 मैचों की 133 पारियों में 2832 गेंदें (472 ओवर) फेंकी हैं. सेंटनर ने 7.17 की बेहद शानदार इकॉनमी रेट से रन देते हुए 3387 रन खर्च किए और 142 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उन्होंने अपने करियर में 3 मेडन ओवर भी डाले हैं और उनका बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन 11 रन देकर 4 विकेट रहा है. टी20 जैसी आक्रामक क्रिकेट में 7.17 की इकॉनमी से गेंदबाजी करना सेंटनर की काबिलियत को साबित करता है.
ईश सोढ़ी न्यूजीलैंड टीम का दूसरा स्पिन पिलर
न्यूजीलैंड की ही एक और स्पिन ताकत, ईश सोढ़ी (Ish Sodhi), इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. 2014 से T20I खेल रहे सोढ़ी ने 142 मैचों की 135 पारियों में 2792 गेंदें (465.2 ओवर) डाली हैं. हालांकि सोढ़ी थोड़े महंगे जरूर साबित हुए हैं (8.16 की इकॉनमी से 3798 रन दिए हैं), लेकिन विकेट निकालने के मामले में वह हमेशा आगे रहे हैं. उनके नाम 23.01 की औसत से 165 विकेट दर्ज हैं, जिसमें 12 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है. सोढ़ी का स्ट्राइक रेट (16.92) दिखाता है कि वह हर 17वीं गेंद पर टीम को सफलता दिलाते हैं.
मुस्तफिजुर रहमान कटर्स और धीमी गेंदों का उस्ताद
‘द फिज’ के नाम से मशहूर बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं और तेज गेंदबाजों में दूसरे नंबर पर. 2015 से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे मुस्तफिजुर ने 128 मैचों की 127 पारियों में 2772 गेंदें (462 ओवर) फेंकी हैं. उन्होंने 8 मेडन ओवरों की मदद से 3363 रन देकर 160 विकेट अपने नाम किए हैं. उनका गेंदबाजी औसत 21.01 और इकॉनमी 7.27 की रही है. मुस्तफिजुर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 रन देकर 6 विकेट रहा है, जो उनकी घातक कटर गेंदों और विविधता का प्रमाण है.
स्विंग और निरंतरता का प्रतीक टिम साउदी
न्यूजीलैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज टिम साउदी (Tim Southee) ने 2008 से 2024 के बीच T20I क्रिकेट में अपनी स्विंग का जलवा बिखेरा. साउदी ने अपने T20I करियर के 126 मैचों (123 पारियों) में कुल 2753 गेंदें (458.5 ओवर) फेंकी. इस दौरान उन्होंने 7 मेडन ओवर डालते हुए 3671 रन दिए और 164 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. 8.00 की इकॉनमी और 22.38 की औसत से गेंदबाजी करने वाले साउदी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर 5 विकेट रहा. लगभग 16 सालों तक टी20 इंटरनेशनल में तेज गेंदबाजी का भार उठाना साउदी के अद्भुत फिटनेस स्तर को दर्शाता है.

























































