नई दिल्ली। हिंदू धर्म में धनतेरस का पर्व धन, आरोग्य और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. पंचांग के अनुसार, साल 2026 में धनतेरस का त्योहार 6 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा. इस दिन मां लक्ष्मी, भगवान कुबेर और भगवान धन्वंतरि की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है. धनतेरस के मौके पर लोग अपने घरों में नई चीजें लाते हैं. सोना-चांदी, बर्तन और झाड़ू जैसी वस्तुओं की खरीदारी को लेकर कई धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं. वहीं, कुछ ऐसी चीजें भी हैं, जिन्हें इस दिन किसी दूसरे व्यक्ति को देने से बचने की सलाह दी जाती है. आइए जानते हैं वें कौन सी तीन चीजें हैं जिन्हें किसी इस खास दिन देने से बचना चाहिए.
धनतेरस पर किसी को न दें नमक
धनतेरस के दिन नमक का विशेष महत्व माना जाता है. कई घरों में इस दिन साबुत नमक या सेंधा नमक खरीदकर लाने की परंपरा है. लोक मान्यता के अनुसार, नमक का संबंध मां लक्ष्मी और सुख-समृद्धि से जोड़ा जाता है. ऐसी मान्यता है कि धनतेरस के दिन नमक खरीदकर घर लाने से बरकत बनी रहती है. वहीं, इस दिन किसी दूसरे व्यक्ति को नमक देने या उसका लेनदेन करने से बचना चाहिए. माना जाता है कि ऐसा करने से घर की आर्थिक स्थिरता और सकारात्मकता प्रभावित हो सकती है.
चाकू, सुई और धारदार चीजें न करें किसी को भेंट
धनतेरस के दिन चाकू, कैंची, सुई या दूसरी नुकीली और धारदार चीजें किसी को देने से भी बचने की मान्यता है. हिंदू लोक परंपराओं में धारदार वस्तुओं को काटने और अलगाव का प्रतीक माना जाता है. इसी वजह से कुछ लोग धनतेरस के दिन ऐसी चीजों का लेनदेन शुभ नहीं मानते. मान्यता है कि इन वस्तुओं को किसी को देने से रिश्तों में कड़वाहट या घर की सुख-शांति प्रभावित हो सकती है. अगर आप धनतेरस पर किसी अपने को उपहार देना चाहते हैं, तो धारदार सामान की जगह कोई दूसरी शुभ और उपयोगी वस्तु चुन सकते हैं.
धनतेरस पर घी और तेल देने से बचें
धनतेरस पर घी और तेल का भी धार्मिक महत्व माना जाता है. दिवाली और धनतेरस के आसपास दीपक जलाने, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों में इनका इस्तेमाल किया जाता है. मान्यता के अनुसार, घी और तेल को घर की रोशनी, पूजा और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए कुछ परंपराओं में धनतेरस के दिन इन्हें किसी दूसरे व्यक्ति को देने से बचने की सलाह दी जाती है. ऐसा माना जाता है कि इस दिन घी या तेल का लेनदेन करने से घर की सुख-समृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. इसी वजह से कई परिवार धनतेरस के दिन घी और तेल को दान या उधार देने से परहेज करते हैं.























































